टीआरपी डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने आज मध्य प्रदेश के धार से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान और 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया। यह अभियान 16 अक्टूबर तक चलेगा,इसके तहत देशभर में एक लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में महिलाओं को मुफ्त जांच और इलाज की सुविधा मिलेगी।

पीएम का संदेश

सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “धार की धरती प्रेरणा की धरती रही है। यह अभियान पूरे देश की माताओं और बहनों के लिए है। नारी शक्ति राष्ट्र की प्रगति का आधार है। अगर मां ठीक रहती है, तो पूरा घर ठीक रहता है। बीमार मां से परिवार की व्यवस्था चरमराती है। इस अभियान के तहत बीपी, डायबिटीज हो या कैंसर हो, इन सबकी जांच की जाएगी उन्होंने महिलाओं से जांच के लिए शिविरों में जाने की अपील की।

उन्होंने कहा, “एक बेटा और भाई होने के नाते मैं आपसे मुफ्त जांच कराने की मांग करता हूं। इन शिविरों में जांच और दवाएं मुफ्त होंगी। उन्होंने आगे कहा कि, आपके स्वास्थ्य से सरकारी तिजोरी की कीमत ज्यादा नहीं।”

See also  ब्रह्माकुमारीज संस्थान की मैनेजमैंट कमेटी ने लिया फैसला, राजयोगिनी दादी रतनमोहिनी बनी हेड

शिविरों की सुविधाएं

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों और अन्य सरकारी सुविधाओं में शिविर लगेंगे। इनमें गैर-संचारी रोग, एनीमिया, सिकल सेल रोग की जांच, प्रसवपूर्व देखभाल, टीकाकरण, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर दिया जाएगा। स्त्री रोग, बाल रोग, नेत्र, ईएनटी, दंत, त्वचा रोग और मनोचिकित्सा की विशेषज्ञ सेवाएं मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और निजी संस्थानों के माध्यम से उपलब्ध होंगी।