टीआरपी डेस्क। भोपाल के एयरपोर्ट रोड पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के काफिले की एक गाड़ी को टक्कर मारने के बाद एक ट्रक ने पुलिस के लिए सिरदर्द खड़ा कर दिया। फिल्मी अंदाज में 100 किलोमीटर तक ट्रक को रोकने की कोशिशें नाकाम रहीं, क्योंकि चालक ने रास्ते में कई थानों के सामने लगे स्टॉपर तोड़ दिए, पुलिस वाहनों को टक्कर मारी और टोल नाके पर बैरियर तोड़ते हुए भागता रहा।

स्टॉपर तोड़ते हुए पुलिसकर्मियों को घायल किया

गांधीनगर थाना पुलिस ने ट्रक को रोकने के लिए स्टॉपर लगाए, लेकिन चालक ने उन्हें रौंदते हुए तेज रफ्तार से ट्रक दौड़ा दिया। इस दौरान थाने के एएसआई नीरज चोपड़ा समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस की गाड़ी को मारी टक्कर, वाहनों को कुचलने की कोशिश

परवलिया थाना पुलिस ने भी ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी और आगे बढ़ गया। राजगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिलने के बाद देहात ब्यावरा थाना प्रभारी बल के साथ टोल नाके पर पहुंचे। लेकिन ट्रक चालक ने वहां भी तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाते हुए प्रधान आरक्षक संतोष वर्मा को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

See also  12 दिन बाद यूपी के लखीमपुर खीरी से मिली अर्चना, पुलिस ने नेपाल बॉर्डर से किया बरामद, भोपाल लेकर पहुंच रही पुलिस

अंततः पचोर में घेराबंदी कर पकड़ा गया ट्रक चालक

ट्रक चालक ने पीछे खड़ी पुलिस की गाड़ियों और अन्य वाहनों को कुचलने की भी कोशिश की, जिससे थाना देहात ब्यावरा की मोबाइल, डायल 100 और अन्य पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। आखिरकार पुलिस ने ट्रक का पीछा कर पचोर के पास उसे पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान अजय मालवीय (निवासी शुजालपुर) के रूप में हुई, जबकि उसका साथी श्रीराम उर्फ करण परमार मौके से फरार हो गया। ट्रक का मालिक शकील उर्फ गोलू शेख है, जो शुजालपुर का रहने वाला है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।