टीआरपी डेस्क। मस्कट से कन्नूर जा रही एयर होस्टेस को लेकर एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बता दें कि मस्कट से कन्नूर जा रही एक एयरहोस्टेस ने अपने मलाशय (रेक्टम) में एक किलो सोना छिपाया था। बताया जा रहा है वो सोना छिपाकर तस्करी करने की फिराक में थी। एयर होस्टेस को केरल के कन्नूर में पकड़ा गया, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया है। डीआरआई के एक सूत्र ने इस घटना की जानकारी दी है।

एयर होस्टेस का नाम सुरभि खातून बताया जा रहा है। डीआरआई कोचीन की विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर राजस्व खुफिया निदेशालय के अधिकारियों ने कोलकाता की निवासी सुरभि को एयरपोर्ट पर रोका।

एयर होस्टेस की तलाशी के बाद उसके मलाशय में छुपाया गया मिश्रित रूप में 960 ग्राम तस्करी का सोना बरामद हुआ। सूत्रों के अनुसार पूछताछ और आवश्यक बातचीत करने के बाद, उसे क्षेत्राधिकार मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया और 14 दिनों के लिए कन्नूर की महिला जेल में भेज दिया गया है।

सूत्र ने दावा किया कि यह भारत में पहला मामला है जहां किसी केबिन क्रू के सदस्य को मलाशय में सोना छिपाकर तस्करी करने के आरोप में पकड़ा गया है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।