टीआरपी डेस्क। महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कहने पर उन्होंने यह कदम उठाया। सूत्रों के मुताबिक, मुंडे के करीबी सहयोगी वाल्मिक कराड का नाम सरपंच संतोष देशमुख हत्या मामले में प्रमुख आरोपी के रूप में सामने आया है।

सीआईडी की चार्जशीट के बाद बढ़ा दबाव

सूत्रों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने सोमवार रात मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात की और देशमुख हत्याकांड समेत दो अन्य मामलों में सीआईडी की चार्जशीट पर चर्चा की। चार्जशीट में वाल्मिक कराड को आरोपी नंबर एक बनाया गया है, जिससे मुंडे पर इस्तीफे का दबाव बढ़ गया।

पीए के जरिए भेजा इस्तीफा

धनंजय मुंडे ने अपने निजी सचिव (पीए) प्रशांत जोशी के जरिए अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री फडणवीस के सरकारी आवास पर भेजा। इसके बाद सीएम फडणवीस ने इसे राज्यपाल को भेजने की जानकारी दी।

क्या है पूरा मामला?

पिछले साल 9 दिसंबर को बीड जिले के मासाजोग गांव में सरपंच संतोष देशमुख की हत्या कर दी गई थी। देशमुख पर उस समय हमला हुआ जब उन्होंने एक ऊर्जा कंपनी से जबरन वसूली की कोशिश को रोकने की कोशिश की।

राज्य अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने 27 फरवरी को इस मामले में 1,200 पन्नों की चार्जशीट अदालत में दाखिल की। इसमें सरपंच की हत्या, अवाडा कंपनी से पैसे ऐंठने की साजिश और फर्म के सुरक्षा गार्ड पर हमले जैसे तीन मामलों में आरोप लगाए गए हैं।

मकोका के तहत केस, सात गिरफ्तार

सीआईडी ने आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामला दर्ज किया है। अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।