टीआरपी डेस्क। कोलकाता के साल्टलेक स्टेडियम में शनिवार दोपहर आयोजित अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोन मेसी के सम्मान समारोह के दौरान अफरा-तफरी मच गई। हजारों की संख्या में जुटे प्रशंसकों को जब लंबे इंतजार के बाद भी मेसी की एक भी झलक नहीं मिली, तो नाराज फैंस ने हंगामा शुरू कर दिया।
स्थिति बिगड़ते ही स्टेडियम में कुर्सियां और बोतलें फेंकी गईं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। कई प्रशंसकों ने आरोप लगाया कि उन्होंने मेसी को देखने के लिए 5,000 से 25,000 रुपये तक के टिकट खरीदे थे, लेकिन कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति नहीं होने से वे ठगे गए।
घटना के बाद कार्यक्रम के आयोजक सतद्रु दत्ता को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) जावेद शमीम ने बताया कि सतद्रु दत्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
एडीजी जावेद शमीम ने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दर्शकों को उनके टिकट का पैसा वापस किया जाना चाहिए।


