रायपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने छत्तीसगढ़ को 10,000 करोड़ रुपये की एक बड़ी सौगात दी है। इस राशि का उपयोग राज्य में चार नई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए किया जाएगा। ये परियोजनाएं राज्य में सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और परिवहन की सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद करेंगी।

नई दिल्ली में आज हुई बैठक में केंद्रीय मंत्री गडकरी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ इन परियोजनाओं पर चर्चा की। बैठक में छत्तीसगढ़ में चल रही राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति और भविष्य की योजनाओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। चार नई परियोजनाओं के लिए DPR को केंद्रीय स्तर पर स्वीकृति मिल चुकी है, जिससे निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि छत्तीसगढ़ सरकार सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देकर सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करेगी।

See also  छत्तीसगढ़ की न्यायधानी में हुई फायरिंग! गोली चलने से दहला परिवार, मचा हड़कंप…

बैठक के दौरान गडकरी ने रायपुर से विशाखापट्टनम के बीच पहले चरण के कार्य की प्रगति के लिए छत्तीसगढ़ सरकार और अधिकारियों को बधाई दी, जो रिकॉर्ड 4 महीने में पूरा हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार सभी परियोजनाओं को समय पर और बिना किसी रुकावट के पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सप्ताह कार्य की प्रगति की समीक्षा की जा रही है और सभी अधिकारियों को कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इस बैठक में केंद्रीय सड़क परिवहन राज्यमंत्री अजय टाम्टा और हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित थे।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।