टीआरपी डेस्क। पहलगाम आतंकी हमले को लेकर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के बाद लोक गायिका नेहा सिंह राठौर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मामले में नोटिस जारी होने के बाद नेहा राठौर अपने पति के साथ लखनऊ के हजरतगंज थाने पहुंचीं, लेकिन बयान दर्ज न हो पाने के कारण करीब चार घंटे बाद उन्हें वापस लौटना पड़ा।
थाने से निकलने के बाद नेहा राठौर ने कहा कि उनका बयान दर्ज नहीं किया गया है और वह दोबारा बयान दर्ज कराने के लिए पुलिस के सामने पेश होंगी।
दरअसल, नेहा राठौर ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी। इसी पोस्ट को लेकर कवि अभय प्रताप सिंह उर्फ अभय सिंह निर्भीक ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि नेहा राठौर की पोस्ट से राष्ट्रीय अखंडता प्रभावित होती है और धर्म व जाति के आधार पर सौहार्द बिगाड़ने के साथ शांति व्यवस्था को नुकसान पहुंच सकता है। इसे लेकर पुलिस ने उन्हें नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने के निर्देश दिए थे।
नेहा राठौर स्वेच्छा से बयान दर्ज कराने थाने पहुंचीं, लेकिन पुलिस के अनुसार सूर्यास्त के बाद महिला का बयान दर्ज नहीं किया जा सकता। इसी कारण उनका बयान नहीं लिया गया। इससे पहले भी उन्हें नोटिस भेजा गया था, लेकिन उस समय खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए वह थाने नहीं पहुंच सकी थीं। फिलहाल मामला जांच के अधीन है और आगे की कार्रवाई नेहा राठौर के बयान दर्ज होने के बाद तय की जाएगी।


