Hajj Pilgrims: 65 से ज्यादा उम्र के लोग नहीं जा सकेंगे हज यात्रा, सऊदी अरब ने जारी किया सर्कुलर

टीआरपी डेस्क। सऊदी अरब सरकार ने 2022 में होने वाली हज यात्रा को कुछ नियमों के साथ मंजूरी दे दी है। इस साल कोरोना के प्रतिबंधों में ढील देते हुए यात्रियों की संख्या में भी इजाफा किया है। हालांकि इस बार हज यात्रा की इच्छा रखने वाले 65 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को सऊदी सरकार ने निराश किया, वे लोग इस बार आवेदन नहीं कर सकते हैं।

सऊदी अरब के हज और उमरा मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इस बार हज के लिए यात्रियों की संख्या 10 लाख रखी गई है जो पिछले साल कुल 60 हजार थीं। वहीं, बताया गया कि यात्रा के लिए हर देश के कोटे की जानकारी जल्द ही दी जाएगी।

ये होगे नियम

  • 65 साल से कम के व्यक्ति ही हज यात्रा पर जा सकेंगे।
  • आने वाले यात्रियों को सऊदी सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय से मान्यता प्राप्त कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगी होनी चाहिए।
  • जिस देश से यात्री आ रहे हैं सऊदी अरब पहुँचने के 72 घंटे पहले तक का कोविड-19 का नेगेटिव सर्टिफिकेट भी होना चाहिए।

2019 बाद फिर शुरू होगी हज यात्रा

2019 के बाद कोरोना महामारी के चलते सऊदी सरकार ने 2020 और 2021 में विदेशी लोगों को इस यात्रा में शामिल होने पर रोक लगा दी थी। इन दो वर्षों के दौरान केवल सऊदी अरब के स्थानीय नागरिक ही हज यात्रा कर सकते थे। 2020 में कुल 1000 लोगों ने और 2021 में 58,745 लोगों को हज यात्रा करने की मंजूरी दी गई जबकि 2019 में दुनिया भर से करीब 25 लाख लोगों ने हज यात्रा की थी। मुस्लिमों के लिए हज यात्रा को इस्लाम में काफी जरुरी माना गया है।

हज यात्रा के लिए कैसे करें आवेदन?

इस साल हज यात्रियों की कम संख्या को देखते हुए नए सर्कुलर के मुताबिक हज यात्रा के लिए आवेदन की आखिरी तारीख को आगे बढ़ा दिया गया है। अब हज यात्रा पर जाने की इच्छा रखने वाला व्यक्ति 22 अप्रैल तक हज कमेटी की वेबसाइट पर आवेदन कर सकता है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू और वॉट्सएप, पर
…

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।