टीआरपी डेस्क। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े इस्लामिक स्टेट (ISIS) आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। अभियान के दौरान पुलिस ने साउथ दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से एक और मध्य प्रदेश के राजगढ़ से दूसरे आतंकी को गिरफ्तार किया है। दोनों की उम्र 20 से 26 वर्ष के बीच बताई जा रही है, हालांकि उनकी पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।

गिरफ्तार आतंकियों के पास से विस्फोटक सामग्री बरामद

गिरफ्तार आतंकियों के पास से विस्फोटक सामग्री, बम बनाने में उपयोग होने वाले रसायन जैसे एसिड, सल्फर पाउडर, बॉल बेयरिंग्स और आईईडी सर्किट बरामद किए गए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी दिल्ली में आईईडी ब्लास्ट की साजिश के आखिरी चरण में थे, लेकिन पुलिस की समय पर कार्रवाई ने एक बड़ी वारदात को टाल दिया। दोनों के आईएसआई के हैंडलर्स से सीधे संपर्क की पुष्टि हुई है।

See also  FAKE NEWS ALERT : रेलवे नहीं लाया है आरक्षण में 50% छूट का नियम, गलत समाचार हो रहा वायरल

‘खिलाफत मॉडल’ का कर रहा था काम

सूत्रों के अनुसार, यह आतंकी मॉड्यूल ‘खिलाफत मॉडल’ पर काम कर रहा था, जिसके तहत किसी क्षेत्र पर कब्जा कर जिहाद फैलाने की योजना थी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप्स के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर उकसा रहे थे और उनकी भर्ती की कोशिश कर रहे थे।

पकड़े गए दोनों आरोपी दिल्ली और मध्य प्रदेश के रहने वाले

स्पेशल सेल ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी दिल्ली और मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। वे आईएसआईएस के ऑनलाइन नेटवर्क से संपर्क में थे और पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से निर्देश प्राप्त कर रहे थे। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और मॉड्यूल से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी जारी है।