Earth quake: महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक बार फिर लोगों को भूकंप के झटकों का सामना करना पड़ा। हिंगोली जिले के हिंगोली और वसमत इलाकों में सुबह के समय महज तीन घंटे के भीतर भूकंप के दो झटके महसूस किए गए।
अचानक धरती हिलने के कारण स्थानीय नागरिकों में हड़कंप मच गया और लोग डरकर अपने घरों से बाहर खुले स्थानों की ओर निकल आए।
हिंगोली में तीन घंटे के भीतर दो बार झटके
शनिवार सुबह भूकंप के झटकों का यह सिलसिला सुबह करीब 7:47 बजे शुरू हुआ। इस दौरान पहला झटका 3.3 की तीव्रता का दर्ज किया गया, जिसका केंद्र हिंगोली और वसमत इलाका रहा। इसके ठीक कुछ घंटों बाद सुबह 10 बजे के आसपास एक और हल्का झटका महसूस किया गया, जिससे इलाके में लगातार हो रही भूकंपीय गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पड़ोसी जिले नांदेड़ में भी महसूस हुई हलचल
हिंगोली में आए इन भूकंपीय झटकों का असर पड़ोसी जिले नांदेड़ तक साफ तौर पर देखा गया। शनिवार सुबह नांदेड़ शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी तेज झटके महसूस किए गए। जमीन हिलने का अहसास होते ही घरों और दफ्तरों में मौजूद लोग बाहर आ गए। हालांकि, शुरुआती प्रशासनिक रिपोर्ट के अनुसार, अभी तक किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।
कुछ दिन पहले भी दर्ज की गई थी ऐसी हलचल
हिंगोली और उसके आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से लगातार इस तरह की हलचल देखने को मिल रही है। इससे पहले गुरुवार 1 अक्टूबर की रात करीब 9:41 बजे भी वसमत तहसील के पांगरा शिंदे इलाके में जमीन हिलने और तेज आवाज आने की बात सामने आई थी, जिसके करीब 48 घंटे बाद यह 3.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया है। बार-बार आ रहे इन झटकों से स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
जिला प्रशासन ने जारी किया अलर्ट, लोगों से अपील
लगातार हो रहे इन भूकंपीय झटकों के बाद हिंगोली और नांदेड़ का जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। राजस्व और पुलिस विभाग की टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और आपातकालीन नियंत्रण कक्ष से लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि पूरी सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।



