टीआरपी डेस्क। मदर डेयरी ने मंगलवार को घोषणा की कि वह अपने यूएचटी (टेट्रा पैक) दूध और कई अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों में कटौती करेगी। यह फैसला जीएसटी में हाल ही में की गई कमी के बाद लिया गया है। अब इन उत्पादों पर 5 प्रतिशत के बजाय शून्य प्रतिशत कर लगेगा। कंपनी ने स्पष्ट किया कि इस राहत का पूरा लाभ ग्राहकों तक पहुँचाया जाएगा और नई दरें 22 सितंबर 2025 से लागू होंगी।

कंपनी के प्रबंध निदेशक मनीष बंदलिश ने कहा कि जीएसटी में की गई कटौती उपभोक्ताओं को सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाले पैकेज्ड उत्पादों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी। उनके अनुसार, इस बदलाव के बाद मदर डेयरी का पूरा पोर्टफोलियो या तो शून्य कर या न्यूनतम 5 प्रतिशत वाले स्लैब में आ जाएगा।

नई कीमतों के अनुसार, एक लीटर यूएचटी टोन्ड दूध का पैक अब 75 रुपये में मिलेगा, जो पहले 77 रुपये का था। वहीं, 450 मिली डबल टोन्ड दूध की कीमत 33 रुपये से घटकर 32 रुपये कर दी गई है। पनीर की दरें भी कम कर दी गई हैं। 200 ग्राम का पैक अब 92 रुपये में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 95 रुपये थी। 400 ग्राम पैक की कीमत 180 रुपये से घटकर 174 रुपये कर दी गई है और 200 ग्राम मलाई पनीर अब 100 रुपये के बजाय 97 रुपये में उपलब्ध होगा।

See also  बृज में शुरू हुई होली, 40 दिन टेसू के रंगों में सराबोर रहेगी कान्हा की नगरी

मक्खन की श्रेणी में भी कमी की गई है। 500 ग्राम का पैक अब 305 रुपये की जगह 285 रुपये का होगा, जबकि 100 ग्राम पैक 62 रुपये से घटकर 58 रुपये में मिलेगा। मिल्कशेक के 180 मिली पैक, जिसमें स्ट्रॉबेरी, चॉकलेट, आम और रबड़ी फ्लेवर शामिल हैं, अब 30 रुपये के बजाय 28 रुपये में उपलब्ध होंगे।

घी के दामों में भी उल्लेखनीय कमी की गई है। एक लीटर कार्टन या पाउच पैक की कीमत 675 रुपये से घटकर 645 रुपये कर दी गई है। एक लीटर टिन अब 720 रुपये का होगा, जो पहले 750 रुपये में मिलता था। 500 मिली गाय के घी का जार 380 रुपये से घटकर 365 रुपये में और प्रीमियम गिर गाय का 500 मिली पैक 999 रुपये से घटकर 984 रुपये में मिलेगा।

हालांकि, कंपनी ने यह भी साफ किया है कि पाउच दूध की दरों में कोई बदलाव नहीं होगा। फुल क्रीम, टोंड और गाय का दूध पहले से ही जीएसटी-फ्री हैं, इसलिए उनकी कीमतें स्थिर रहेंगी।

See also  Chhath Puja Mahaparv  : छठ पूजा विशेष: कैसे हुआ सूर्य का जन्म, क्या कहती हैं वेद-पुराण की कथाएं

कुछ दिन पहले अमूल ने भी यही स्पष्ट किया था कि पाउच दूध की कीमतों में कोई बदलाव नहीं होगा क्योंकि इन पर हमेशा से ही शून्य प्रतिशत जीएसटी लागू है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।