रायपुर। राजीव भवन में एनएसयूआई की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष (PCC चीफ) दीपक बैज का मोबाइल फोन गायब हो गया। जिसके बाद कांग्रेस कार्यालय में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में भवन के अंदर खोजबीन शुरू हुई, लेकिन देर शाम तक मोबाइल का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

शंकर नगर थाने में दर्ज कराई शिकायत
मोबाइल नहीं मिलने पर बैज ने शंकर नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि फोन शंकर नगर टर्निंग पॉइंट के पास कहीं खो गया। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि यह फोन आखिरी बार राजीव भवन परिसर में ही देखा गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जांच जारी है।

दीपक बैज ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मीटिंग के बाद मेरा फोन खो गया। हो सकता है मैंने कहीं रख दिया हो, या किसी के हाथ लग गया हो। फोन में बहुत सारे कॉन्टेक्ट नंबर थे। लोकसभा चुनाव और कार्यक्रमों के फोटो व वीडियो भी थे।”

See also  कुपोषण मिटाने दंतेवाड़ा से सुपोषण अभियान की शुरूआत, सीएम ने महिलाओं व बच्चों को परोसा पौष्टिक भोजन

उन्होंने आगे कहा, “यह सिर्फ फोन की बात नहीं है, यह पूरे प्रदेश की सुरक्षा पर सवाल है। राजीव भवन में हमारे सलेक्टेड कार्यकर्ता ही थे, लेकिन संभव है कि भीड़ में कोई संदिग्ध घुस आया हो। फोन को बार-बार बंद और चालू किया जा रहा है, जिससे शक और गहराता जा रहा है।”

केदार कश्यप ने उठाए सवाल
मोबाइल गायब होने की घटना ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। भाजपा नेता और मंत्री केदार कश्यप ने तंज कसते हुए कहा, “दीपक बैज को बताना चाहिए कि उनके मोबाइल में ऐसा कौन-सा राज था, जिसे कांग्रेस के ही लोग जानना चाहते हैं? क्या इस चोरी के पीछे भूपेश बघेल हैं, या फिर टीएस सिंहदेव या कोई और कांग्रेस नेता? उन्हें खुलकर बताना चाहिए।”

https://twitter.com/theruralpress/status/1939310103154618822

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।