छत्तीसगढ़ की राजनीति और मीडिया गलियारों से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर उनके नाम से चलाई जा रही एक कथित खबर और चैट को पूरी तरह फर्जी, मनगढ़ंत और फोटोशॉप जनित करार दिया है। उन्होंने सीधे तौर पर इसे एक बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र बताते हुए विरोधियों और कथित पत्रकारों को कड़ी चेतावनी दी है।

सौरभ चंद्राकर के नाम वाले चैट बॉक्स का सच आया सामने

दरअसल, कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक चैट वायरल किया जा रहा था, जिसमें महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर (Sourabh Chandrakar) के इंस्टाग्राम अकाउंट के साथ पूर्व सीएम की बातचीत का दावा किया जा रहा था।

इस पर पूर्ण विराम लगाते हुए भूपेश बघेल ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर सीधे उस इंस्टाग्राम अकाउंट का चैट बॉक्स और प्रोफाइल शेयर किया है। शेयर किए गए स्क्रीनशॉट में साफ दिख रहा है कि sourabhchanndrakar नामक इस आईडी (जिसके 32K फॉलोअर्स हैं) के साथ किसी भी तरह के मैसेज या संदेश का कोई आदान-प्रदान (चैट) नहीं हुआ है। प्रोफाइल पर साफ लिखा है- “You don’t follow each other on Instagram”।

षड्यंत्र के प्रायोजकों पर बरसे बघेल

पूर्व मुख्यमंत्री ने इस फर्जी खेल को खेलने वालों पर तीखा प्रहार करते हुए लिखा कि, “सुबह से फर्जी फ़ोटोशॉप के आधार पर एक खबर एक पोर्टल पर चलाई जा रही है। इन फर्जी खेल को खेलने वालों को बता देना चाहता हूँ कि इन फर्जी खबरों के प्रायोजकों (स्पॉन्सर्स) का नाम भी हम तक पहुँच चुका है।” उन्होंने आगे चेताया कि जो इस नैरेटिव का हिस्सा बन रहे हैं, बघेल ने कहा, “जो कथित पत्रकार इस षड्यंत्र में शामिल हो रहे हैं, वे भी चेत जाएँ।”

कानूनी कार्रवाई की तैयारी

भूपेश बघेल ने साफ कर दिया है कि इस ओछी राजनीति और छवि धूमिल करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनकी लीगल टीम इस पूरे मामले को लेकर एक्टिव हो चुकी है और भ्रामक खबर चलाने वाले, वीडियो वायरल करने वाले तत्वों तथा इसके पीछे बैठे मास्टरमाइंड्स के खिलाफ जल्द ही कड़ी कानूनी कार्रवाई दर्ज कराएगी।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।