टीआरपी डेस्क। Bihar Election : लालू प्रसाद यादव के बेटे और बिहार की महुआ विधानसभा सीट से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने अपने भाई तेजस्वी यादव पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है “मुख्यमंत्री कौन बनेगा और कौन नहीं बनेगा, यह बिहार की जनता तय करेगी।”

उन्होंने तेजस्वी यादव की घोषणाओं पर भी सवाल उठाए हैं। तेज प्रताप यादव अपनी राजनैतिक कर्मभूमि महुआ में बाइक पर चुनाव प्रचार करने निकले थे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि “महुआ में रोड नहीं बनी है। स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं। जिस तरह हमने महुआ में मेडिकल कॉलेज बनवाने का काम किया। इसी तरह हम यहां सड़कों का निर्माण कराएंगे। जनता से किया गया वादा पूरा करेंगे।”

महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव और उपमुख्यमंत्री उम्मीदवार मुकेश सहनी को लेकर तेज प्रताप यादव ने कहा “जनता परेशान है। युवाओं को रोजगार चाहिए। यहां मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम कौन बनेगा, ये जनता पर निर्भर करता है। जिसके पास पावर होगी, जनशक्ति जिसे मिलेगी, वह मुख्यमंत्री बनेगा।”
उन्होंने RJD के निवर्तमान विधायक और प्रत्याशी पर भी हमला बोलते हुए कहा “उन्होंने महुआ में कोई काम नहीं किया। विधायक ने सिर्फ जनता को ठगने का काम किया।” तेज प्रताप यादव ने यह भी कहा कि तेजस्वी यादव फर्जी लोगों को ही टिकट दे रहे हैं।

See also  पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, SP ने 69 पुलिसकर्मियों को किया इधर से उधर, देखें सूची…

तेजस्वी यादव की घोषणाओं पर तेज प्रताप यादव ने कहा “घोषणाएं हर कोई करता है। जनता से वादा कर देना अलग है, लेकिन कुर्सी पर बैठने के बाद लोभ आ जाएगा। इसलिए जनता से वादा करें तो उन पर खरा उतरें। घोषणा पूरा करने की क्षमता तेज प्रताप यादव के पास है और इसका उदाहरण महुआ में बना मेडिकल कॉलेज है।”

Bihar Election : महुआ से जीतने पर माता-पिता से आशीर्वाद लेने जाने के सवाल पर तेज प्रताप ने कहा “मां-बाप का आशीर्वाद हमेशा हमारे साथ है और महुआ की जनता का भी आशीर्वाद हमें मिल रहा है।”