नई दिल्ली। संसद का मानसून सत्र आज से शुरू हुआ, लेकिन जैसे ही कार्यवाही की शुरुआत हुई, विपक्ष के आक्रामक तेवरों ने माहौल गरमा दिया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर विपक्ष ने जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन किया, जिसके चलते पहले लोकसभा और फिर राज्यसभा की कार्यवाही को 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा।

दोपहर 12 बजे कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, लेकिन विपक्ष के हंगामे ने फिर लोकसभा को बाधित कर दिया और स्पीकर को कार्यवाही को 2 बजे तक स्थगित करना पड़ा।

राजनाथ सिंह बोले: ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा को तैयार
विपक्ष की मांगों के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “सरकार ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।” बावजूद इसके, विपक्ष का विरोध थमता नजर नहीं आया।

राहुल गांधी का तीखा आरोप: “हमें बोलने की इजाजत नहीं”
सत्र स्थगित होने के बाद संसद के बाहर विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा, “सरकार के मंत्री बोल सकते हैं, लेकिन हमें — विपक्ष के नेताओं को — बोलने नहीं दिया जा रहा। यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है।”

सिर्फ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नहीं, कई मुद्दों पर गरम है माहौल
विपक्ष केवल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर ही नहीं, बल्कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों के मुद्दे और हालिया घोटालों जैसे कई मामलों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। सरकार ने कहा है कि वह सभी जरूरी मुद्दों पर बहस के लिए तैयार है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।