Sonia Gandhi Book: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर अपनी शुरुआत करते हुए आने वाली किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ की पहली झलक साझा की है। वीडियो में वह किताब के पन्ने पलटती नजर आ रही हैं। इसी दौरान प्रियंका गांधी की तस्वीरों वाला पन्ना सामने आने पर सोनिया मुस्कुराते हुए कहती हैं, “Lots of pictures, Priyanka”, यानी “बहुत सारी तस्वीरें हैं, प्रियंका।” उनका यह वीडियो किताब को लेकर चर्चा में है।
सोनिया गांधी ने वीडियो के साथ लिखा कि वह अपनी किताब की पहली झलक सभी के साथ साझा करते हुए आभारी हैं। उन्होंने बताया कि यह किताब प्यार, जिम्मेदारी, बिछड़ने के दुख और अपनी जगह तलाशने की कहानी है। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस किताब को पाठकों के साथ साझा करने का इंतजार कर रही हैं।
प्रकाशक ने भेंट की किताब की तीन प्रतियां
वीडियो में किताब के प्रकाशक हार्परकॉलिन्स की ओर से सोनिया गांधी को किताब की तीन प्रतियां भेंट की जाती हैं। प्रकाशक उन्हें किताब के लिए बधाई देता है। सोनिया गांधी इसके लिए धन्यवाद कहती हैं और फिर किताब के पन्ने पलटकर उसमें शामिल तस्वीरों को देखने लगती हैं। इसी दौरान प्रियंका गांधी की तस्वीरों वाला पन्ना भी दिखाई देता है।
पहले टीजर में दिखाई गई थी सोनिया की जिंदगी की झलक
इससे पहले किताब का टीजर जारी किया गया था, जिसमें सोनिया गांधी की निजी जिंदगी और गांधी परिवार के साथ उनके सफर की झलक दिखाई गई थी। टीजर के मुताबिक, सोनिया मैनो की मुलाकात 18 साल की उम्र में कैंब्रिज में राजीव गांधी से हुई थी। तीन साल बाद, 21 साल की उम्र में वह उनसे शादी करने के लिए भारत आ गईं।
प्यार से शुरू हुआ सफर, परिवार और देश से जुड़ाव तक पहुंचा
किताब के टीजर में बताया गया कि सोनिया ने शादी के दिन ही नहीं, बल्कि उसके बाद हर दिन गांधी परिवार का हिस्सा बने रहने का फैसला किया। उन्होंने अपना परिवार बसाया और दो बच्चों की परवरिश की। इसके बाद उन्हें ऐसे दुखों का सामना करना पड़ा, जिनकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। टीजर में उनकी कहानी को प्यार से शुरू होकर परिवार और देश से जुड़ाव तक पहुंचने वाले सफर के रूप में पेश किया गया है।



