BJP leader Viral Video: जशपुर जिले में भाजपा के एक स्थानीय नेता का कथित अश्लील डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो साल भर पहले हुए एक रात्रिकालीन आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का है, जिसमें भाजपा नेता पैसे उड़ाते हुए डांस करते नजर आ रहे हैं।
यह वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है, वहीं अब ये भाजपा लीडर सफाई देते नजर आ रहे हैं। जशपुर जिले का यह वीडियो अब पूरे प्रदेश में वायरल हो रहा है और विशेष तौर पर पार्टी के नेताओं के बीच इस बात की जमकर चर्चा हो रही है।
उप सरपंच और भाजपा के पदाधिकारी हैं जागेश्वर
वायरल वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति की पहचान महादेवडाँड़ मंडल के उपाध्यक्ष एवं ग्राम घोघर के उपसरपंच जगेश्वर यादव के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद जगेश्वर यादव ने इसे फर्जी बताते हुए एआई जनरेटेड वीडियो होने का दावा किया है। उनका आरोप है कि यह वीडियो प्रधान पाठक नागेश्वर महानंदी और धर्मेंद्र गुप्ता द्वारा बनाया गया है। उन्होंने वीडियो को गलत तरीके से तैयार किया गया बताते हुए कहा कि वे अपने कार्यों को पूरी ईमानदारी के साथ करते आए हैं।
अब इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, इस प्रकरण पर जशपुर के भाजपा संगठन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में वायरल वीडियो की सत्यता और लगाए जा रहे आरोपों की पुष्टि होना अभी बाकी है।
पार्टी से जल्द ही जारी होगा नोटिस
इस मामले को लेकर जशपुर जिले के भाजपा के एक पदाधिकारी ने मीडिया से चर्चा में बताया कि कुछ तकनीकी कारणों से आज जगेश्वर यादव को नोटिस जारी नहीं किया जा सका, कल संभवतः उन्हें पत्र मिल जायेगा।
क्या सचमुच में एआई जनरेटेड है वीडियो ?
भाजपा नेता जगेश्वर यादव ने अपना एक वीडियो जारी करते हुए सफाई दी है कि उन्होंने कभी भी इस तरह की हरकत नहीं की है। उनसे दुश्मनी रखने वाले दो शख्स ने एआई से वीडियो जेनरेट करके उसे वायरल कर दिया है। मगर जानकार बताते हैं कि एआई से जेनरेटेड वीडियो को देखने से उसकी असलियत का पता चल जाता है। जगेश्वर यादव का जो वीडियो वायरल हुआ है वह उनके गांव महादेवडांड़ में पिछले वर्ष अक्टूबर-नवंबर में आयोजित कार्यक्रम का है। हालांकि यह जांच का विषय है कि क्या वास्तव में यह वीडियो एआई जेनरेटेड है या नहीं। फ़िलहाल इस मामले में पार्टी के अगले कदम का इंतजार है।
FAQ: अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Q1. वायरल वीडियो में कौन है?
महादेवडांड़ मंडल के उपाध्यक्ष और घोघर के उपसरपंच जागेश्वर यादव के रूप में पहचान बताई जा रही है, पुष्टि बाकी है।
Q2. भाजपा नेता का क्या कहना है?
उन्होंने वीडियो को फर्जी और AI जनरेटेड बताया है, आरोप लगाया कि नागेश्वर महानंदी और धर्मेंद्र गुप्ता ने दुश्मनी में बनाया है।
Q3. पार्टी क्या कार्रवाई कर रही है?
जशपुर भाजपा के पदाधिकारी के मुताबिक तकनीकी कारण से आज नोटिस नहीं जारी हुआ, कल तक नोटिस भेजा जाएगा।



