FIR against the Agriculture Officer: जिले में खाद-कीटनाशक दुकानों की जांच करने वाले कृषि विस्तार अधिकारी पर ही लाखों की ठगी का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी अधिकारी राकेश कुमार रत्नेश पर कसडोल थाने में FIR दर्ज हुई है, जिसके बाद से वह फरार बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि तीन जिलों के व्यापारियों से लाखों की सामग्री लेने का आरोप लगे हैं। शिकायत में बलौदाबाजार, रायपुर और महासमुंद जिले के कई कृषि कारोबारियों को कथित तौर पर निशाना बनाए जाने का उल्लेख है।
पद का डर दिखाकर दवा ली, फर्जी चेक थमाया
आरोप है कि अधिकारी ने अपने पद और विभागीय प्रभाव का इस्तेमाल किया। शिकायतकर्ता देवव्रत साहू के अनुसार, उसने विभागीय जांच, स्टॉक सत्यापन और लाइसेंस निलंबन का भय दिखाकर कृषि सेवा केंद्रों से कीटनाशक दवाइयां लीं। भुगतान मांगने पर कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर वाले चेक थमा दिए और दूसरे व्यक्ति के वाहन को अपना बताकर लिखित आश्वासन दिया।
शिकायत के मुताबिक 15 जुलाई 2026 को 93,760 रुपये की दवाइयां ली गई थीं।
तीन जिलों में 12.41 लाख, कुल 50 लाख तक की आशंका
शिकायत में बलौदाबाजार, रायपुर और महासमुंद के व्यापारियों को निशाना बनाने का उल्लेख है। दस्तावेज के अनुसार तीन कारोबारियों से 12,41,310 रुपये की कथित लेनदेन है। सभी पीड़ितों को जोड़कर यह रकम 50 लाख से अधिक होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी।
BNS की 7 धाराओं में FIR
कसडोल थाना पुलिस ने BNS 2023 की धाराओं में केस दर्ज किया है
- 308(2) जबरन वसूली
- 316(5) लोक सेवक द्वारा आपराधिक विश्वासघात
- 318(4) धोखाधड़ी कर संपत्ति प्राप्त करना
- 336(2) कूटरचना
- 338 मूल्यवान प्रतिभूति की कूटरचना
- 340(2) कूटरचित दस्तावेज को असली के रूप में इस्तेमाल
- 61(2) आपराधिक षड्यंत्र
2 महीने से ड्यूटी से गायब
उपसंचालक कृषि दीपक नायक ने बताया कि FIR की सूचना मिली है, गिरफ्तारी नहीं हुई है। उच्च कार्यालय को सूचित किया गया है। आरोपी अधिकारी 2 महीने से ड्यूटी पर अनुपस्थित है और उसका वेतन भी रोका गया है।
परिवार सहित फरार होने की चर्चा
पुलिस के अनुसार आरोपी परिवार सहित फरार है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि बाकी है। कसडोल पुलिस तलाश में जुटी है। इस मामले ने कृषि विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
नोट: FIR में धाराओं का उल्लेख होना आरोपों का अंतिम न्यायिक निष्कर्ष नहीं है।
FAQ: अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Q1. कृषि अधिकारी पर क्या आरोप है?
पद का भय दिखाकर कृषि दुकानों से कीटनाशक दवाइयां लेने और फर्जी चेक देकर लगभग 13 लाख की ठगी का आरोप है, 3 जिलों में 50 लाख तक की आशंका।
Q2. FIR कहां दर्ज हुई?
कसडोल थाने में BNS की 7 धाराओं 308(2), 316(5), 318(4), 336(2), 338, 340(2), 61(2) के तहत।
Q3. आरोपी कहां है?
FIR के बाद से कृषि विस्तार अधिकारी राकेश रत्नेश फरार बताया जा रहा है, 2 महीने से ड्यूटी पर नहीं है, पुलिस तलाश कर रही है।



