टीआरपी डेस्क। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले के बाद नेशनल हेराल्ड मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। कोर्ट ने मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से दाखिल की गई शिकायत पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया, जिसके तुरंत बाद कांग्रेस ने इसे अपनी बड़ी नैतिक जीत बताते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

कांग्रेस के मीडिया और पब्लिसिटी विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने इस मौके पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। पवन खेड़ा ने कहा कि बीते 12 सालों से कांग्रेस जो आरोप लगाती आ रही थी, आज अदालत के फैसले से उसकी पुष्टि हो गई है। उनके मुताबिक, ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल सरकार ने निजी सेना की तरह किया, लेकिन अब उसकी सच्चाई सामने आ चुकी है।

पवन खेड़ा ने आगे कहा कि देश का लोकतंत्र बेहद नाजुक दौर से गुजर रहा है और इसे बचाए रखने की जिम्मेदारी राहुल गांधी निभा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष जानबूझकर ऐसी साजिशें रच रहा है, जिससे राहुल गांधी के हौसले को तोड़ा जा सके। कांग्रेस नेता का दावा था कि जनता ने लोकतंत्र की रक्षा की जिम्मेदारी विपक्ष को सौंपी है और इसी वजह से सरकार घबराई हुई है।

उधर, अदालत के फैसले की बात करें तो राउज एवेन्यू कोर्ट के विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने स्पष्ट किया कि मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून के तहत ईडी की शिकायत सुनवाई योग्य नहीं है। कोर्ट के अनुसार, यह मामला किसी एफआईआर पर आधारित नहीं है, बल्कि एक निजी शिकायत से जुड़ा हुआ है। कोर्ट ने यह भी कहा कि पीएमएलए की धारा तीन और चार के तहत मनी लॉन्ड्रिंग का अभियोजन तभी संभव है, जब संबंधित अपराध पर पहले एफआईआर दर्ज हो या वह अपराध कानून की अनुसूची में शामिल हो। इन शर्तों के अभाव में ईडी की शिकायत को खारिज कर दिया गया।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।