घोषणापत्र

टीआरपी डेस्क। झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही सभी राजनीतिक दल अपने उम्मीदवारों की सूची तैयार कर रहे हैं। इस बीच, बीजेपी ने 66 उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिसमें कई सिटिंग विधायकों के साथ-साथ कुछ नए चेहरों को भी जगह दी गई है। हालांकि, बीजेपी की सूची में परिवारवाद का मुद्दा जोर पकड़ रहा है, क्योंकि कई प्रत्याशी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के रिश्तेदार हैं।

परिवारवाद का दबदबा?

बीजेपी की सूची में 8 से 10 उम्मीदवार ऐसे हैं जो किसी न किसी पार्टी नेता के परिवार से जुड़े हुए हैं। उदाहरण के तौर पर, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास की बहू पूर्णिमा दास को जमशेदपुर पूर्वी से उम्मीदवार बनाया गया है। इसी तरह, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन को घाटशिला से टिकट मिला है। इस पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने बीजेपी पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है।

See also  अगले हफ्ते 6 और राफेल विमान वायुसेना में होंगे शामिल, वायुसेना प्रमुख फ्रांस से करेंगे रवाना

कई बड़े नेताओं के परिवारों को मिला टिकट

बीजेपी की सूची में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा को पोटका विधानसभा से टिकट दिया गया है। इसके अलावा, मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा को जगन्नाथपुर से प्रत्याशी बनाया गया है। आजसू पार्टी के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी के भाई रोशन लाल चौधरी को बड़कागांव से, जबकि धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो के भाई शत्रुघ्न महतो को बाघमारा से उम्मीदवार बनाया गया है।

JMM ने लगाए आरोप

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि पार्टी की सूची में शामिल आधे उम्मीदवार दूसरे दलों से आए हुए नेता हैं। JMM का कहना है कि बीजेपी अपने ही नेताओं पर भरोसा नहीं कर रही है और बाहर से आए लोगों को टिकट दे रही है।

लिस्ट जारी होते ही भगदड़ शुरू

बीजेपी की सूची जारी होते ही पार्टी में नाराजगी देखने को मिल रही है। रघुवर दास सरकार में मंत्री रहीं लुईस मरांडी ने पार्टी छोड़कर JMM की सदस्यता ले ली। दुमका से टिकट न मिलने के कारण वह नाराज थीं, जबकि पार्टी उन्हें बरहेट से लड़ाना चाहती थी। इसी तरह, जमुआ के विधायक केदार हाजरा ने भी बीजेपी छोड़कर JMM का दामन थाम लिया।

See also  पंजाब के सीएम चन्नी की पत्नी, बेटा और बहु कोरोना संक्रमित, सीएम की रिपोर्ट आनी बाकी

नेताओं की नाराजगी बढ़ी

बीजेपी छोड़कर JMM में शामिल होने वाले अन्य नेताओं में बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, सरायकेला के गणेश महली, और पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू शामिल हैं। इसके अलावा, बीजेपी नेता बास्को बेसरा ने भी पार्टी छोड़ दी और JMM से जुड़ गए।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।