टीआरपी। Chhath mahaparv : बिहार, झारखंड का प्रमुख छठ महापर्व राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अनेक शहरों में श्रद्धा उल्लास से मनाया गया। सोमवार की शाम अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने नदी, तालाब के किनारे हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। ऐसा ही नजारा खारुन नदी के महादेवघाट तट पर दिखाई दिया। दोपहर से ही श्रद्धालु घाट के किनारे पहुंचने लगे थे। सूर्य की बहन छठी मइया की विधिवत पूजा अर्चना करने के पश्चात व्रती महिलाएं सूर्य के अस्त होने का इंतजार करतीं रहीं। जैसे ही सूर्य के अस्त होने का समय आया, महिलाओं ने विविध फल और सब्जियों से सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। हजारों लोग नदी में कमर तक डूबकर अर्घ्य देते नजर आए।

सूर्य की बहन है छठी मइया

ऐसी मान्यता है कि सूर्यदेव की बहन छठी मइया है। छठी माता को संतान की रक्षा करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है। संतान की लंबी आयु, अच्छी सेहत और सुखी जीवन के लिए छठ पर उपवास और पूजा की जाती है।

See also  मुरिया दरबार में बोले अमित शाह- 2031 तक बस्तर के हर गांव में पहुंचेगी सभी सुविधाएं

घाट किनारे गूंजते रहे छठी मइया के गीत

महादेवघाट के किनारे पूजा करने के दौरान महिलाओं ने भोजपुरी भाषा में छठी मइया के गीत गाए। परिवार के सदस्य पूजा में सहयोग करते रहे। छठ महापर्व समिति के नेतृत्व में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शाम को अंतर्राष्ट्रीय लोक गायिका स्वाति मिश्रा (मुंबई) ने छठ गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांधा। इनके अलावा लोकधारा के मशहूर कलाकार तिलक राजा साहू और केशरी साहू ने छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। प्रयागराज से आए सोनाली एवं तरुण चोपड़ा की टीम ने नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी।

मंगलवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समापन

छठ महापर्व की शुरुआत 25 अक्टूबर को नहाय खाए परंपरा निभाने के साथ हुई थी। इसके पश्चात 26 को खरना की रस्म निभाई गई। खीर-रोटी का सेवन किया गया। 27 अक्टूबर को डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा निभाई। चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन 28 अक्टूबर को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। छठी मइया को अर्पित ठेठुआ का प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत का पारणा किया जाएगा।

See also  Horoscope 12 August 2023 : इन राशि वालों को नौकरी में पूरी एकाग्रता की जरूरत, पढ़े मेष से लेकर मीन तक का राशिफल

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।