गुरुवार, 22 अक्तूबर 2026 गुरु, 22 अक्तू॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
खेल

IND vs NZ T20: भारत ने रन-चेज का तोड़ा रिकार्ड! संजू-नमन ने खेली तूफानी पारी, न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया

IND vs NZ T20: भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 क्रिकेट में एक ऐतिहासिक और रिकॉर्डतोड़ जीत दर्ज की है। कीवी टीम द्वारा दिए गए 226 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने रोमांचक मुकाबले में 4 विकेट से शानदार जीत हासिल की। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में यह […]

India vs New Zealand T20 Match
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

IND vs NZ T20: भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 क्रिकेट में एक ऐतिहासिक और रिकॉर्डतोड़ जीत दर्ज की है। कीवी टीम द्वारा दिए गए 226 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने रोमांचक मुकाबले में 4 विकेट से शानदार जीत हासिल की। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में यह भारत द्वारा चेज़ किया गया अब तक का सबसे बड़ा लक्ष्य है।

226 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को एक आक्रामक शुरुआत की दरकार थी, जिसे ओपनर्स ने बखूबी पूरा किया। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने महज 35 गेंदों में ताबड़तोड़ 93 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत मंच प्रदान किया। संजू सैमसन ने इस दौरान सिर्फ 23 गेंदों में ही अर्धशतक ठोक दिया, जबकि आक्रामक अंदाज में खेल रहे अभिषेक शर्मा ने 12 गेंदों पर 29 रनों की शानदार पारी खेली। संजू को शानदार प्रदर्शन के लिए पलेरपर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 33 गेंदों में 67 रन बनाए।

नमन धीर और श्रेयस अय्यर बने मैच विनर

तेज शुरुआत के बाद भारत ने मिडिल ऑर्डर में कुछ जल्दी विकेट गंवाए। तिलक वर्मा (6 रन) और ईशान किशन (1 रन) सस्ते में पवेलियन लौट गए। ऐसे में कप्तान श्रेयस अय्यर ने सूझबूझ भरी पारी खेलते हुए 28 गेंदों में 42 रन बनाए और टीम को संभाले रखा। इसके बाद अक्षर पटेल ने भी 14 गेंदों में 24 रनों का अहम योगदान दिया। असली रोमांच नंबर-7 पर उतरे युवा बल्लेबाज नमन धीर ने पैदा किया।

नमन ने खेली 42 रनों की तूफानी पारी

नमन ने मैदान के चारों तरफ चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए महज 15 गेंदों में नाबाद 42 रनों की तूफानी पारी खेली और भारत को जीत की मंजिल तक पहुंचा दिया। अपनी इस नाबाद पारी में उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के जड़े। यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नमन धीर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी बन गया है।

ऑस्ट्रेलिया की बराबरी पर पहुंचा भारत

इस रिकॉर्डतोड़ जीत के साथ ही भारत ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। भारत ने अब तक 7वीं बार टी20 में 200 से अधिक रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक चेज़ किया है। इस मामले में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इस फेहरिस्त में साउथ अफ्रीका (6 बार), पाकिस्तान (4 बार), तथा इंग्लैंड और वेस्टइंडीज (3-3 बार) पीछे हैं।

Naveen Kumar Sahu
लेखक / पत्रकार:

Naveen Kumar Sahu

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन