चेन्नई। टीम इंडिया को पहला वर्ल्ड कप जिताने वाले पूर्व कप्तान कपिल देव ने मौजूदा भारतीय टीम को पाकिस्तान से कई गुना बेहतर बताया है। कपिल ने कहा कि विराट मुझसे ज्यादा अच्छे कप्तान हैं। वर्ल्ड कप मुकाबले में कोहली की टीम कहीं से भी हारती नहीं दिख रही। अगर भारत-पाक के बीच 10 मैच हों तो उनमें 7 भारत जीत जाएगा। कपिल ने शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान कहा, मैच के दिन क्या होगा यह तो सिर्फ भगवान जानते हैं। लेकिन मुझे लगता है कि हमारे समय वाली पाकिस्तानी टीम इस समय की पाक टीम से ज्यादा बेहतर थी।

तेज गेंदबाजी में टीम ने काफी सुधार किया

कपिल से जब भारतीय टीम की गेंदबाजी पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अगर कोई भारतीय (जसप्रीत बुमराह) दुनिया का नंबर-1 गेंदबाज है तो यह दिखाता है कि हमने कितना लंबा सफर तय किया है। बुमराह की तारीफ करते हुए कपिल ने कहा, जब आपके पास कुछ नहीं होता और धीरे-धीरे आप चीजें हासिल करते हैं तो आपको उस पर गर्व होता है। पिछले 15 साल में टीम इंडिया के साथ यही हुआ है। गेंदबाजों का आना शुरू हुआ। लगभग सभी क्रिकेटर कहते हैं- मैच गेंदबाज जिताते हैं।

बुमराह को देखकर नहीं हुआ था उसकी क्षमता का अहसास

कपिल ने कहा, जब मैंने पहली बार बुमराह को देखा तो मुझे उसकी क्षमताओं का अहसास नहीं हुआ। अब मेरे शब्द बदल चुके हैं और मैं कहता हूं- हे भगवान, यह तो शानदार है। इतने छोटे रनअप से यह इतनी तेजी दिखा सकता है। मैं चाहता हूं कि वह अगले 5 साल भी फिट रहे। भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली से तुलना पर कपिल ने कहा कि विराट मुझसे काफी बेहतर हैं, मुझे नहीं लगता कि मेरी और उनकी तुलना हो सकती है। वे दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।