CSK vs LSG मुकाबले में चेन्नई के लिए 'करो या मरो' की जंग

IPL 2026 के 59वें मुकाबले में आज भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का आमना-सामना होगा। टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी लखनऊ की टीम जहाँ सम्मान के लिए खेलेगी, वहीं चेन्नई के लिए प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिहाज से यह मुकाबला हर हाल में जीतना जरूरी है। LSG vs CSK

इकाना की चुनौतीपूर्ण पिच पर चेन्नई की साख दांव पर

ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स 11 मैचों में 12 अंकों के साथ प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है। यदि टीम आज का मैच जीतती है, तो उसकी उम्मीदें जिंदा रहेंगी। दूसरी ओर, ऋषभ पंत की अगुवाई वाली लखनऊ सुपर जायंट्स इस रेस से बाहर हो चुकी है, लेकिन वह चेन्नई का खेल बिगाड़ने का पूरा माद्दा रखती है। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 6 मुकाबलों में पलड़ा 3-3 की बराबरी पर रहा है।

इकाना स्टेडियम की पिच नंबर 4 पर यह मैच खेला जाएगा, जहाँ इस सीजन में कम स्कोर वाले मैच देखे गए हैं। इस पिच पर तेज गेंदबाजों का दबदबा रहा है और पिछले मैचों में गिरे 30 विकेटों में से 23 विकेट तेज गेंदबाजों ने चटकाए हैं। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकती है।

दोनों टीमों में बदलाव और संभावित प्लेइंग 11

चेन्नई की टीम में महेंद्र सिंह धोनी अभी भी उपलब्ध नहीं हैं, जबकि जेमी ओवरटन चोट के कारण बाहर हो चुके हैं। लखनऊ की ओर से मिचेल मार्श शानदार फॉर्म में हैं, जिन्होंने पिछले मैच में इसी मैदान पर शतक जड़ा था।

लखनऊ सुपर जायंट्स : जोश इंग्लिस, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), एडेन मार्करम, अक्षत रघुवंशी, शाहबाज अहमद, हिम्मत सिंह, मोहम्मद शमी, दिग्विजय राठी, प्रिंस यादव।

चेन्नई सुपर किंग्स : संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, अकील होसेन, प्रशांत वीर, अंशुल कम्बोज, नूर अहमद, मुकेश चौधरी।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।