स्पोर्ट्स डेस्क। ODI Ranking : भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने आईसीसी वनडे रैंकिंग में नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने 38 साल की उम्र में पहली बार दुनिया के नंबर-1 वनडे बल्लेबाज का खिताब अपने नाम किया। रोहित ने यह उपलब्धि अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत हासिल की, जिससे उन्होंने टीम के युवा कप्तान शुभमन गिल को पीछे छोड़ दिया।

हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में रोहित ने कुल 202 रन बनाए। उनका औसत 101 रहा, जिसमें आखिरी मैच में उन्होंने नाबाद शतक जमाया। भारत ने यह सीरीज जीतते हुए शानदार प्रदर्शन किया और रोहित को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ दोनों पुरस्कार मिले।

रैंकिंग में रोहित शर्मा के अब 781 अंक हैं, जबकि शुभमन गिल दो पायदान गिरकर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। गिल के 745 रेटिंग पॉइंट्स हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में गिल का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा और वे तीनों मैचों में 10, 9 और 24 रन ही बना सके।

रोहित शर्मा ने इस उपलब्धि के साथ विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। वे 38 साल और 182 दिन की उम्र में आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले अब तक के सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 2011 में 38 वर्ष की उम्र में टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल किया था।

रोहित अब सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और शुभमन गिल के बाद दुनिया के नंबर-1 वनडे बल्लेबाज बनने वाले पांचवें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।