दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम में एक बड़े बदलाव की शुरुआत हो चुकी है। दिग्गज खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर के कप्तानी पद से इस्तीफा देने के कुछ ही घंटों बाद, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया के नए कप्तान के नाम का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। स्टार सलामी बल्लेबाज और अब तक उप-कप्तान की भूमिका निभा रहीं स्मृति मंधाना को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नई पूर्णकालिक कप्तान नियुक्त किया गया है।
हरमनप्रीत कौर, जिन्होंने भारत को वनडे विश्व कप का ऐतिहासिक खिताब दिलाया था, के बाद अब मंधाना भारतीय टीम को नई बुलंदियों पर ले जाने का काम करेंगी।
BCCI ने क्यों जताया मंधाना पर भरोसा?
स्मृति मंधाना को कप्तान बनाए जाने पर BCCI ने उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता की जमकर सराहना की है। बोर्ड ने अपने आधिकारिक बयान में कहा…”स्मृति मंधाना भारतीय महिला क्रिकेट को आगे ले जाने वाली अग्रदूतों में से एक हैं। उन्होंने हर फॉर्मेट में भारतीय टीम की सफलता में अहम योगदान दिया है। केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी उनकी कप्तानी का लोहा हर किसी ने माना है।”
BCCI ने खासतौर पर महिला प्रीमियर लीग (WPL) में मंधाना की कप्तानी का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी अगुआई में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) ने 2024 और 2026 में दो बार खिताब अपने नाम किया है।
साल 2013 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहीं स्मृति मंधाना के पास एक दशक से भी ज्यादा का लंबा अनुभव है। वे इससे पहले भी जरूरत पड़ने पर कप्तानी का जिम्मा संभाल चुकी हैं। हरमनप्रीत की गैरमौजूदगी में मंधाना ने भारत के लिए 18 टी-20 और 4 वनडे मैचों में कप्तानी की है, जहाँ उन्होंने शानदार फैसले लेकर अपनी काबिलियत साबित की है।
कप्तान बनने के बाद क्या बोलीं स्मृति मंधाना?
भारतीय टीम की कमान मिलने पर स्मृति मंधाना ने गहरी खुशी और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा..”भारत की कप्तानी करना मेरे लिए बहुत ही खास और गर्व की बात है। देश का प्रतिनिधित्व करना हमेशा से मेरे दिल के करीब रहा है और अब यह नई जिम्मेदारी मिलना बेहद कीमती है। मैं BCCI, चयनकर्ताओं और अपने सभी साथियों की आभारी हूँ जिन्होंने मुझ पर यह विश्वास दिखाया।”
मंधाना ने पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के योगदान को भी याद करते हुए कहा..”हरमनप्रीत ने इतने सालों तक जिस लगन से टीम की अगुआई की है, उसके लिए मैं उन्हें दिल से धन्यवाद देती हूँ। वे हमारी इस खूबसूरत यात्रा का बहुत अहम हिस्सा रही हैं। मैं कप्तानी के साथ आने वाली जिम्मेदारी को अच्छी तरह समझती हूँ और भारतीय क्रिकेट को आगे ले जाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।”



