अफगानिस्तान से लाए गए 78 अफगानियों में 16 संक्रमित, संपर्क में आए थे केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी

नई दिल्ली। अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद एयरलिफ्ट किए जा रहे भारतीय व अफगान नागरिकों ने भारत की समस्या बढ़ा दी है। दरअसल, जिन 78 अफगान नागरिकों को भारत लाया गया था, उसमें से 16 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है।

रिपोर्ट सामने आते ही भारत की चिंता और बढ़ गई है, जिसके बाद सभी 78 लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, जिन 16 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है उनमें से किसी में भी कोविड-19 के लक्षण नहीं थे। जांच के बाद रिपोर्ट सामने आने पर कोरोना का पता चला है, जिसके बाद सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी भी थे कोरोना संक्रमितों के संपर्क में

कोरोना जांच में सामने आए 16 संक्रमितों में तीन अफगानी सिख भी शामिल हैं। ये सिख अफगानिस्तान के गुरुद्वारे से गुरुग्रंथ साहिब के तीन स्वरूप लेकर भारत आए थे।

इन सिखों से गुरुग्रंथ साहिब को लेने के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी भी एयरपोर्ट पहुंचे थे, जिस कारण वह भी कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आ गए। गृह मंत्रालय के दिशानिर्देश के अनुसार उन्हें भी 14 दिन का क्वारंटीन पूरा करना होगा।

See also  ब्रेकिंग: काबुल लौट आया मुल्ला बरादर, हक्कानी की सुरक्षा को ठुकराया

एयरपोर्ट पर ही हो रही कोरोना जांच 

कोरोना संक्रमण को देखते हुए भारत सरकार, अफगानिस्तान से आ रहे लोगों की कोरोना जांच करा रही है। एयरपोर्ट पर ही उनकी जांच की जा रही है। इसी जांच में 16 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।

अब तक 626 लोगों को निकाला गया

तालिबान पर कब्जे के बाद अफगानिस्तान के हालात बिगड़ते जा रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से अफगानिस्तान के हालात बहुत ही नाजुक हैं, जिसके बाद सभी देश अपने-अपने नागरिकों को बाहर निकाल रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने बताया कि अफगानिस्तान से अब तक 228 भारतीय नागरिकों सहित 626 लोगों को बाहर निकाला गया है। इसमें 77 अफगानी सिख भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 626 लोगों में भारतीय दूतावास के लोग शामिल नहीं हैं।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू और वॉट्सएपपर

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।