Cockroach Janta Party Latur FIR: स्कूल का वीडियो बनाने पहुंचे थे कॉकरोच जनता पार्टी के लोग,अभिजीत दीपके समेत कॉकरोच जनता पार्टी के 6 खिलाफ FIR
Cockroach Janta Party Latur FIR: स्कूल का वीडियो बनाने पहुंचे थे कॉकरोच जनता पार्टी के लोग,अभिजीत दीपके समेत कॉकरोच जनता पार्टी के 6 खिलाफ FIR

Cockroach Janta Party Latur FIR: औसा (लातूर)। महाराष्ट्र के लातूर जिले की औसा तहसील में जिला परिषद के उर्दू प्राथमिक स्कूल में कथित तौर पर अनधिकृत रूप से प्रवेश कर छात्रों के बीच बैठने, शिक्षकों के शैक्षणिक कार्य में बाधा डालने और बिना अनुमति वीडियो रिकॉर्ड कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का मामला सामने आया है। इस मामले में औसा पुलिस ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के अध्यक्ष अभिजीत दीपके, अजिंक्य शिंदे और उनके 4-5 अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 20 अगस्त को दोपहर करीब 1:15 बजे की है। आरोप है कि अभिजीत दीपके, अजिंक्य शिंदे और उनके साथ आए अन्य लोग बिना स्कूल प्रशासन की अनुमति के जिला परिषद की उर्दू शाला में दाखिल हुए। इसके बाद वे अलग-अलग कक्षाओं में गए और विद्यार्थियों के बीच बैठकर उनसे सवाल-जवाब करने लगे। शिकायत में कहा गया है कि इस दौरान स्कूल के शिक्षकों के शैक्षणिक और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।

दूसरे स्कूलों के छात्रों को लाने का भी आरोप

स्कूल की शिक्षिका सय्यद समशादबानो खैरातअली की ओर से औसा पुलिस थाने में दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ बाहरी विद्यार्थियों को दूसरे विद्यालयों से लाकर इस स्कूल के छात्रों के रूप में प्रस्तुत किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, कथित तौर पर स्कूल की वास्तविक स्थिति को अलग तरीके से दिखाने का प्रयास किया गया, जिससे विद्यालय की छवि और प्रतिष्ठा प्रभावित हुई।

शिक्षकों से अभद्रता और धमकी का आरोप

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब शिक्षकों ने इस गतिविधि पर आपत्ति जताई तो उनके साथ कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। साथ ही, उन्हें नौकरी से निलंबित कराने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है। इसके अलावा, आरोपियों पर स्कूल परिसर और पूरे घटनाक्रम का बिना अनुमति वीडियो रिकॉर्ड करने तथा बाद में वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का भी आरोप लगाया गया है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा।

पुलिस कर रही जांच

शिक्षिका की शिकायत के आधार पर औसा पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक (PSI) महेश गायकवाड़ कर रहे हैं। पुलिस वायरल वीडियो, स्कूल में प्रवेश करने के कारणों, विद्यार्थियों को लाए जाने के आरोप और पूरे घटनाक्रम में नामजद एवं अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद आगे कार्यवाही की जाएगी।