भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री किरण खेर को ब्लड कैंसर, मुंबई में चल रहा इलाज
भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री किरण खेर को ब्लड कैंसर, मुंबई में चल रहा इलाज

मुंबई। भारतीय जनता पार्टी की चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर (Kirron Kher) मल्टीपल माइलोमा (प्लाज्मा सेल्स का कैंसर) से पीड़ित हैं। फिलहाल उनका इलाज मुंबई में चल रहा है औऱ अब उनकी स्थिति बेहतर है। इसकी जानकारी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने दी। हालांकि इस बारे में एक्ट्रेस या उनके परिवार की तरफ से किसी ने भी कुछ नहीं कहा है।

अरुण सूद ने बताया कि किरण खेर का 11 नवंबर के दिन उनकी बाएं हाथ में फ्रैक्चर आ गया था, इस वजह से उन्होंने चंडीगढ़ में इलाज कराया। जांच के दौरान ही उन्हें इस बीमारी के बारे में पता चला। शुरुआती स्टेज पर इस बीमारी का पता लगने के बाद किरण खेर अपने इलाज के लिए चार दिसंबर को मुंबई चली गईं।

उन्होंने इस बारे में आगे बताया कि किरण खेर को इलाज के लिए हफ्ते में एक रात अस्पताल में बितानी पड़ती है। उन्हें तीन से चार महीने ठीक होने में लग जाएंगे। दरअसल, सांसद किरण खेर ने इस दौरान लोकसभा के किसी सत्र में भी भाग नहीं लिया। जिसके बाद कांग्रेस ने सांसद किरण खेर के गायब होने को मुद्दा बनाया।

बता दें कि पंजाब में जन्मीं किरण खेर ने 2009 में बीजेपी ज्वाइन की और इलेक्शन में पार्टी के लिए कैम्पेन किया। इसके बाद 2014 के लोकसभा चुनावों में उन्हें चंडीगढ़ सीट से बीजेपी ने कैंडिडेट बनाया वे पहली बार में ही संसद पहुंचीं।

फिल्मों की बात करें तो किरण खेर ने मंगल पांडे, रंग दे बसंती, वीर-जारा, देवदास, कर्ज, हम, मै हूं ना, दोस्ताना, सरदारी बेगम, कभी अलविदा ना कहना, मिलेंगे-मिलेंगे, कमबख्त इश्क, कुर्बान, फना, एहसास, अजब गजब लव, खूबसूरत, टोटल सियापा जैसी कई फिल्में की हैं। इसके अलावा उन्होंने कई टेलीविजन शो में भी काम किया।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर…

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।