भागलपुर में बम बनाने के दौरान ब्लास्ट, कई घर उड़े, अब तक 9 की मौत

भागलपुर। भागलपुर के तातारपुर थाना क्षेत्र के काजवलीचक मोहल्ले में देर रात एक घर के अंदर हुए बम धमाके ने तबाही मचा दी। कुल तीन घर इस धमाके में जमींदोज हो गए, वहीं एक महिला व एक बच्चा समेत नौ की मौत हो गई। 11 घायलों को रात एक बजे तक मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा चुका है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बम बनाने के दौरान यह धमाका हुआ। एसएसपी बाबू राम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बम बनाते समय धमाका होने की बात सामने आई है। बताया गया कि रात मोहल्ले में एक घर में धमाका हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास के दो और मकान जमींदोज हो गए।

इसके अलावा कुछ और घरों को भी नुकसान पहुंचा है। मकान के टुकड़े आधा किलोमीटर दूर तक उड़े। धमाका शांत होने के बाद लोगों की भीड़ जुटी और खोजबीन शुरू हुई। आधा दर्जन घायलों को भी एक-एक कर अस्पताल ले जाया गय। सभी मृतक और घायल काजवाली चौक, तातारपुर के निवासी हैं।

रात को एक बजे करीब जेसीबी मंगाई गई और मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। अंदर और कितने लोग थे, यह मलबा हटने के बाद पूरी तरह साफ हो पाएगा। घटनास्थल पर डीआईजी, एसएसपी, डीएम समेत कई वरीय अधिकारी पहुंचे। धमाके की वजह से बिजली के पोल-तार भी बिखर गए। अंधेरा होने के कारण राहत कार्य में दिक्कत आ रही थी।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।