वाह रे उपर वाले: छप्पर फाड़ के नहीं धरती फाड़ कर एक झटके में बदल दी किसान की किस्मत

टीआरपी न्यूज। कहते हैं ऊपर वाला जब देता है तो छप्पर फाड़ के देते है, मगर ऊपर चाहे तो धरती फाड़ कर आपकी किस्मत बदल सकता है। ऐसी ही एक घटना मध्यप्रदेश में सच साबित हुई।

दरअसल मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक किसान को सरकार से पट्टे पर ली गई जमीन की खुदाई में उच्च गुणवत्ता वाला 6.47 कैरेट का हीरा मिला है। इस किसान को पिछले दो वर्षों में खुदाई में छठवीं बार हीरा मिला है। जिले के प्रभारी हीरा अधिकारी नूतन जैन ने शनिवार को बताया कि जरुआपुर गांव की एक खदान में शुक्रवार को प्रकाश मजूमदार को यह हीरा मिला।

आगामी नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा हीरा

प्रकाश मजूमदार ने बताया कि 6.47 कैरेट के इस हीरे को आगामी नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा और कीमत सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार तय की जाएगी। मजूमदार ने कहा कि नीलामी से प्राप्त राशि को वह खनन में लगे अपने चार भागीदारों के साथ साझा करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘ हम पांच साझेदार हैं। हमें 6.47 कैरेट का हीरा मिला है। जिसे हमने सरकारी हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है।” मजूमदार ने कहा कि उन्हें पिछले साल 7.44 कैरेट का हीरा मिला था । इसके अलावा उन्हें पिछले दो वर्षों में 2 से 2.5 कैरेट के चार अन्य कीमती हीरे भी खनन में मिले थे।

कैरेट के हीरे की कीमत हो सकती है 30 लाख रुपए

अधिकारियों ने कहा कि कच्चे हीरे की नीलामी की जाएगी और इससे होने वाली आय को सरकारी रॉयल्टी और करों की कटौती के बाद किसान को दिया जाएगा। निजी अनुमान के अनुसार नीलामी में 6.47 कैरेट के हीरे की कीमत करीब 30 लाख रुपये हो सकती है।

बता दें कि मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड इलाके में स्थित पन्ना जिले में लगभग 12 लाख कैरेट के हीरे का भंडार होने का अनुमान है। प्रदेश सरकार पन्ना हीरा आरक्षित इलाकों में स्थानीय किसानों और मजदूरों को हीरों के खनन के लिए जमीन के छोटे-छोटे टुकड़े पट्टे पर देती है। खनन में प्राप्त हीरों को किसान या श्रमिक, जिला हीरा अधिकारी के पास जमा कराते हैं।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू और वॉट्सएप, पर…

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।