CM Vishnudev Sai: रायपुर। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय एक बार फिर आज शाम दिल्ली रवाना हुए हैं। उनके दिल्ली जाने के कई मायने निकाले जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार दिल्ली दौरे के दौरान सीएम साय की मुलाकात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह होने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन कहीं न कहीं प्रदेश के लिए कार्यकारी अध्यक्ष भी मिलने की संभावनाओं से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
सूत्रों के अनुसार इस दौरान सीएम साय की मुलाकात राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और संगठन महामंत्री बीएल संतोष से भी होने की प्रबल संभावनाएं हैं। वहीं, छग भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव अभी सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद से ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। ऐसे में प्रदेश में बढ़ती राजनीतिक हलचलों से लेकर कांग्रेस के हमलावर रवैये से निपटने के लिए कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं का बाजार भी गर्म ही चल रहा है।

हालांकि अभी कांग्रेस का प्रदर्शन पुराने मुद्दों पर केंद्रित है, लेकिन वह सड़कों पर उतरकर कांग्रेस निरंतर प्रदर्शन कर रही है। साथ ही विभिन्न राज्यों में चल रहे जेन-जी प्रोटेस्ट का भी लाभ लेने कोशिश में कांग्रेस जुटी हुई है। इसके अलावा जेन-जी को साधने के लिए भी कांग्रेस हर संभव प्रयास करती दिखाई दे रही है।
ऐसे में प्रदेश में बीजेपी का अध्यक्ष विहीन होना कहीं न कहीं बीजेपी के जेन-जी को साधने के लिए चलाए जा रहे अभियान को कहीं कमजोर न कर दें और इस कमी का माइलेज कांग्रेस को न मिले इसके लिए कार्यवाहक अध्यक्ष की कमी प्रदेश बीजेपी में जरूर महसूस की जा रही है। क्योंकि किरणदेव की गैर मौजूदगी में संगठन की गतिविधियां कहीं न कहीं थोड़ी कमजोर पड़ती जरूर दिखाई दे रही है।
सड़क दुर्घटना में घायल हैं सिंहदेव

किरण सिंहदेव बागेश्वर धाम से लौटते वक्त सड़क हादसे का शिकार हो गए। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर तालबेहट क्षेत्र के टेकरी के पास उनकी कार एक खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में किरण सिंहदेव और उनका कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें झांसी रेफर किया गया, जहां से उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया था। जहां संगठन सहित प्रदेश के बड़े नेताओं ने भी जाकर उनका हाल-चाल जाना था।


