स्कूल की 24 साल की पूर्व छात्रा से एकतरफा प्यार में दीवाना हुआ प्रिंसिपल, शादी समारोह से किया अपहरण

जयपुर। राजस्थान के झुंझुनू के खेतड़ी थाना इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक स्कूल के प्रिंसिपल को अपनी 24 वर्षीय छात्रा से ही एकतरफा प्यार हो गया जिसके चलते उसने छात्रा को किडनैप कर लिया। इस अपहरण में प्रिंसिपल का साथ उसके साथ काम करने वाली एक महिला ने दिया है। बताया जा रहा है कि छात्रा जब स्कूल में पढ़ती थी तब से प्रिंसिपल उससे एकतरफा प्यार करता था।

छात्रा के अपहरण की जानकारी जैसे ही घरवालों को मिली तो परिजन परेशान हो गए। इसके बाद काफी मशक्कत कर अपनी बेटी को प्रिंसिपल के चंगुल से छुड़वाया है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि प्रिंसिपल ने एक शादी कार्यक्रम के लिए छात्रा के परिवार को बुलाया कार्यक्रम में खाना खाने के बाद जब वो लोग घर जाने के लिए तैयार हुए तो प्रिंसिपल ने उनकी बेटी को डीजे पर नाचने के लिए कहा। छात्रा ने मना किया तो आरोपी प्रिंसिपल भड़क उठा और छात्रा को एक गाड़ी के पास ले गया।

परिवार वालों ने बताया कि आरोपी ने उनकी बेटी को तीन चार थप्पड़ मारे फिर गाड़ी में जबरन बैठा दिया और लेकर फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने हल्ला मचाया फिर लड़की को प्रिंसिपल के चंगुल से निकाल कर लाए।

पीड़ित लड़की के परिजनों का कहना है कि लड़की घटना के बाद से डरी हुई है। उन्होंने बताया कि 24 साल की उनकी बेटी जब स्कूल में पढ़ती थी तभी से आरोपी प्रिंसिपल उसे पसंद करता था।

प्रिंसिपल ने एकतरफा प्यार के चलते ही अपनी पूर्व छात्रा का अपहरण करने की ठानी। इस घटना के बाद आरोपी ने पीड़ित परिवार को धमकी दी कि अगर पुलिस में रिपेार्ट दी तो फिर से बेटी को उठा लेंगे।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।