रायपुर। राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की है। राज्य सरकार ने इंटेलिजेंस चीफ हिमांशु गुप्ता को खुफिया से हटा दिया है और उन्हें पुलिस मुख्यालय भेज दिया है। हालांकि उन्हें अभी कोई विभाग नहीं दिया गया है। लेकिन आदेश में एडीजी पुलिस मुख्यालय लिखा है।

राज्य सरकार ने आज आईएएस के ट्रांसफर के साथ दो आईपीएस अफसरों के आदेश भी जारी किए। इसमें रायपुर रेंज आईजी डा. आनंद छाबड़ा को हिमांशु गुप्ता की जगह पर प्रदेश का नया खुफिया चीफ की जिम्मेदारी दी गई है। वे रायपुर आईजी के साथ-साथ खुफिया की कमान भी संभालेंगे।

इससे पहले मुकेश गुप्ता और डीएम अवस्थी रायपुर आईजी के साथ-साथ खुफिया चीफ की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। छाबड़ा तीसरे आईपीएस होंगे, जिन्हें रेंज आईजी के साथ खुफिया चीफ की जिम्मेदारी दी गयी है।

हालांकि, हिमांशु गुप्ता को खुफिया चीफ से हटाना आश्चर्यजनक है। उन्हें पुलिस मुख्यालय मे कोई विभाग नहीं दिया गया। जबकि, खुफिया चीफ सरकार के बेहद नजदीक होता है। कई खुफिया चीफ तो डीजीपी से भी ज्यादा प्रभावशाली रहे हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।