मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अरुण बाली का आज सुबह मुंबई में उनके आवास पर निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे। अरुण बाली की आखिरी फिल्म ‘गुडबॉय’ आज ही रिलीज हुई है। फिल्म में अमिताभ बच्चन और रश्मिका मंदाना लीड किरदारों में हैं। बाली को धारावाहिक स्वाभिमान’ और हिट फिल्म 3 इडियट्स’ में निभाए उनके किरदार के लिए काफी सराहना मिली थी।
बाली के बेटे अंकुश ने बताया कि उनके पिता मायस्थेनिया ग्रेविस’ से पीड़ित थे। उन्हें इस साल की शुरुआत में एक अस्पताल में भर्ती भी कराया गया था। अंकुश के मुताबिक, इलाज का उनके पिता पर असर दिख रहा था, लेकिन सुबह करीब साढ़े चार बजे उनका निधन हो गया। अंकुश ने कहा कि मेरे पिता हमें छोड़ गए। वह ‘मायस्थेनिया ग्रेविस’ से पीड़ित थे। हर दो-तीन दिन में उनके स्वभाव में बदलाव दिखता था। उन्होंने उनकी देखभाल करने वाले को कहा कि उन्हें शौचालय जाना है और वापस आने के बाद कहा कि वह बैठना चाहते हैं और फिर वह नहीं उठे।
बाली ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत प्रसिद्ध फिल्म निर्माता लेख टंडन के टीवी शो ‘दूसरा केवल’ से की थी, जिसमें शाहरुख खान भी नजर आए थे। उन्होंने ‘चाणक्य’, ‘स्वाभिमान’, ‘देस में निकला होगा चंद’, ‘कुमकुम-एक प्यारा सा बंधन’ जैसे धारावाहिकों में भी अहम किरदार निभाए थे। बाली ‘सौगंध’, ‘राजू बन गया जेंटलमैन’, ‘खलनायक’, ‘सत्या’, ‘हे राम’, ‘लगे रहो मुन्ना भाई’, ‘3 इडियट्स’, ‘रेडी’, ‘बर्फी’, ‘मनमर्जियां’, ‘केदारनाथ’, ‘सम्राट पृथ्वीराज’ और ‘लाल सिंह चड्ढा’ जैसी फिल्मों में भी नजर आए थे। बाली के परिवार में उनका एक बेटा और तीन बेटियां हैं।

See also  जुड़वा बहन का रिकार्ड तोड़कर इंटरमीडिएट परीक्षा में यूपी टॉपर बनी फतेहपुर की दिव्या

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।