जगदलपुर/बीजापुर। छ्त्तीसगढ़ में बीजापुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे 163 में आधी रात को तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर बिजली पोल को तोड़ते हुए एक दुकान में घुस गई। बताया जा रहा है कि, बस में करीब 30 से 40 यात्री सवार थे। हादसे के बाद सभी को पीछे के इमरजेंसी गेट से बाहर निकाला गया। दुर्घटना के बाद ड्राइवर बस छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बीजापुर से निकली रात्रिकालीन यात्री बस जगदलपुर पहुंचने से पहले केशलूर के पास हादसे का शिकार हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि, रात करीब 12 बजे वे एक दुकान के सामने कुर्सी में बैठे थे।

इसी दौरान गीदम की तरफ से तेज रफ्तार यात्री बस हॉर्न बजाते हुए उन्हीं की तरफ आई। देखते ही देखते पहले सड़क किनारे खड़ी 2 से 3 बाइक को टक्कर मारी, फिर बिजली के पोल से टकराते हुए एक डेलीनीड्स की दुकान में जा घुसी। हालांकि, उस समय दुकान में कोई भी मौजूद नहीं था। इसलिए कोई जन हानि नहीं हुई।

मौके पर मौजूद लोगों ने इस हादसे की जानकारी परपा थाना को दी। मौके पर पहुंचे जवानों ने लोगों की मदद से इमरजेंसी गेट को खुलवाया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बस चालक तो मौके से फरार भाग निकला, लेकिनएक अतिरिक्त चालक और हेल्पर को पुलिस ने पकड़ लिया है। साथ ही यात्रियों को रात में ही दूसरी वाहन से जगदलपुर भेजा गया।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।