मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में स्थित लोरमी के एक बाइक शोरूम में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। इससे पूरा शो रूम धू-धूकर जल गया। बताया जा रहा है कि, फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बावजूद वो डेढ़ घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। इससे आग फैलती चली गई। आग से सैकड़ों बाइक जल गए। इससे करीब 2 करोड़ से ज्यादा के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। मामला लोरमी थाना क्षेत्र के महेश मोटर्स के हीरो शो रूम का है।

मिली जानकारी के अनुसार, रोज की तरह कल रात भी साढ़े 7 बजे शो रूम संचालक ने शॉप बंद कर दी। इसके बाद अचानक रात 10 बजे के करीब शो रूम के अंदर से आसपास के लोगों ने आग की लपटें उठती देखीं। इसके बाद इसकी जानकारी शो रूम संचालक को दी गई। आग लगने की सूचना पर पुलिस-प्रशासन और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लोगों ने फायर ब्रिगेड को भी तुरंत सूचना दे दी थी, लेकिन डेढ़ घंटे बीत जाने के बाद भी वो नहीं आई। इसकी वजह से आग शो रूम के एक हिस्से से फैलते हुए पूरे जगह को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान शो रूम के अंदर करीब 40 से ज्यादा तेज धमाके भी हुए। लगभग डेढ घंटे के इंतजार के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने देर रात आग पर काबू पाया।

See also  Triumph Street Triple: ट्रायम्फ मोटरसाइकिल ने लॉन्च की 2 नई बाइक्स, स्पोर्टी लुक के साथ मिलेंगे जबरदस्त फीचर्स

करोड़ों का नुकसान
बताया जा रहा है कि, जिस जगह पर आग लगी है, उससे महज 8 फीट की दूरी पर नगर पंचायत अध्यक्ष अंकिता रवि शुक्ला का मकान है। इसके बावजूत फायर ब्रिगेड को मौके पर पहुंचने में डेढ़ घंटे लग गए। वहीं ए​सडीओपी लोरमी माधुरी धिरही ने बताया कि घटना के वक्त लगभग 65 नई बाइक, 40 पुरानी बाइक और सर्विसिंग के लिए आई हुई बाइक रखी हुई थी। इसके अलावा शो रूम में मौजूद सारे पार्टस भी जलकर राख हो गए हैं। इस घटना में लगभग 2 करोड़ से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। अपनी नजरों के सामने शो रूम को जलता देख संचालक महेश कश्यप मौके पर ही फूट-फूटकर रोने लगे। इधर घटना के बाद लोरमी-कवर्धा मार्ग पर लंबा जाम भी लग गया था। देर रात तक सड़क पर सैकड़ों की संख्या में लोग खड़े रहे। फिलहाल आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

See also  CG News : एक लाख के नकली नोट के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक में लिखा था…