पणजी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बीच गोवा में कांग्रेस को करारा झटका लगा है। राज्य में पार्टी के 11 विधायकों में से 8 ने भाजपा का दामन थाम लिया है। इसके चलते अब 40 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के अब तीन ही विधायक बचे हैं।  केदार नाइक, संकल्प अमोनकर, राजेश फलदेसाई और रुडोल्फ फर्नांडीस भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों में हैं। कांग्रेस को यह झटका ऐसे वक्त में लगा है, जब राहुल गांधी की लीडरशिप में पार्टी तमिलनाडु से जम्मू-कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। ऐसे में गुलाम नबी आजाद के पार्टी छोड़ने और फिर 8 विधायकों की टूट ने उसे करारा झ.टका दिया है।


गोवा के राजनीतिक इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा
गोवा के राजनीतिक इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब कांग्रेस के राज्य में महज तीन ही विधायक बचे हैं। बता दें कि दिगंबर कामत और माइकल लोबो पार्टी से लंबे समय से नाराज बताए जा रहे थे और जुलाई में भी उन्होंने बगावत की कोशिश की थी, लेकिन कुछ विधायकों का साथ नहीं मिला था। ऐसे में दलबदल कानून लागू होने के डर से भाजपा में जाने का प्लान टाल दिया गया था। भाजपा में शामिल होने से पहले कांग्रेस के विधायकों ने सीएम प्रमोद सावंत से मुलाकात की थी। यही नहीं माइकल लोबो और दिगंबर कामत ने पिछले दिनों दिल्ली की भी यात्रा की थी।


गोवा में कांग्रेस को लगा तगड़ा झटका
माना जा रहा है कि इन नेताओं ने इस दौरान भाजपा की टॉप लीडरशिप से मीटिंग की थी। उसके बाद ही भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया गया। गोवा में कांग्रेस को लगा यह झटका उसके मनोबल पर भी असर डालने वाला है, जो लगातार संकटों से उबरने की कोशिश कर रही है। भारत जोड़ो यात्रा के जरिए कांग्रेस देश के 12 राज्यों में पदयात्रा निकाल रही है। उसे उम्मीद है कि इससे उसके कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ेगा और जनता में भी कनेक्ट बढ़ेगा। लेकिन इस संकट ने उसकी चिंताएं बढ़ा दी हैं। 

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।