फूड टेस्टिंग लेबोरेटरी
नवा रायपुर में बनेगा फूड टेस्टिंग लेबोरेटरी

रायपुर। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत सिंह भगत ने कहा है कि नवा रायपुर में अत्याधुनिक फूड टेस्टिंग लेबोरेटरी की स्थापना की जाएगी। मंत्री भगत ने आज अपने निवास कार्यालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग के 6 नए गोदामों का ई-भूमि पूजन करते हुए यह बाते कहीं।

मंत्री भगत ने छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य में किसानों से खरीदे गए धान के सुरक्षित भण्डारण के लिए 6 नए गोदामों का ई-भूमि पूजन करते हुए कहा कि लगभग 54 हजार मीटरिक टन क्षमता वाले इन गोदामों का निर्माण जल्द शुरू होगा। ये गोदाम रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग जिले में बनाए जाएंगे। इन गोदामों के निर्माण के लिए 25 करोड़ 81 लाख रूपए की स्वीकृत किए गए है।

नवीन तकनीक का उपयोग कर रही है वेयर हाउस कार्पोरेशन

खाद्य मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाऊसिंग कार्पोरेशन का सार्वजनिक वितरण प्रणाली के सुचारू संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि खाद्यान्नों के भंडारण के लिए वेयर हाउस कार्पोरेशन नवीन तकनीक का उपयोग कर रही है। पायलेट प्रोजेक्ट के तहत सूरजपुर में सेल्फ सपोर्टेड ट्रसलेस गोदाम का निर्माण किया जा रहा है।

कार्यालय स्टाफ एवं श्रमिकों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहेगी

उन्होंने बताया कि नवा रायपुर में कार्पोरेशन द्वारा सर्व सुविधा युक्त फूड टेस्टिंग लेबोरेटरी का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए भूमि क्रय कर ली गयी है। उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन गोदाम परिसर में कार्यालय स्टाफ एवं श्रमिकों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहेगी। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाऊसिंग कार्पोरेशन के चेयरमेन और दुर्ग शहर विधायक अरूण वोरा, अभनपुर के विधायक धनेन्द्र साहू, बिलासपुर शहर के विधायक शैलेश पाण्डेय, तखतपुर विधायक डॉ. रश्मि सिंह, धरसींवा विधायक श्रीमती अनिता शर्मा, नगर निगम बिलासपुर के महापौर रामशरण यादव, कार्पोरेशन के प्रबंध संचालक अभिनव अग्रवाल, महाप्रबंधक डॉ. अजय शंकर कन्नौजे सहित अन्य जनप्रतिनिधि ऑनलाईन शामिल हुए।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाऊसिंग कार्पोरेशन द्वारा निरंतर भण्डारण क्षमता में वृद्धि की जा रही है। वर्तमान में 16 लाख 15 हजार 21 मीट्रिक टन भण्डारण क्षमता है। मार्च 2022 तक 2 लाख 24 हजार मीटरिक क्षमता के नए गोदाम बनाए जाएंगे। वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन द्वारा किराए के गोदामों के जरिए 3 लाख 58 हजार 995 मीटरिक टन भंडारण क्षमता में वृद्धि की गई है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर

See also  Shardiya Navratri 2025 : मां दुर्गा की मिलेगी कृपा,‘पान के पत्तों’ के साथ करें ये उपाय, धन-दौलत से भर जाएगा आपका घर…

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।