COVID-19

टीआरपी डेस्क। किसी भी विपरीत परिस्थिति का सामना यदि सामुदायिक रूप से किया जाए तो उसके परिणाम हमेशा सकारात्मक रहते हैं। महासमुंद जिले के ग्रामीणों ने इसे साबित कर दिया। महासमुंद जिले के सरायपाली विकासखंड के दो गांव कुटेला और तोरेसिंहा में ग्रामीणों के कोरोना संक्रमित पाए जाने पर वहां कंटेनमेंट जोन बनाया गया।

इसके बाद इन गांवों की पंचायतों ने स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन के कर्मचारियों की मदद से संक्रमितों को चिकित्सा सुविधा सहित राशन सामग्री, दूध, सब्जी आदि पहुंचाई। ग्रामीणों की मदद से कंटेनमेंट जोन में सुविधाएं उपलब्ध कराने और संक्रमण रोकने के प्रयासों की, यहां 12 अप्रैल को निरीक्षण करने आई केन्द्रीय टीम ने भी सराहना की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग शिक्षकों द्वारा तत्काल की गई, जिसके कारण संक्रमण फैलने की संभावना कम हुई। दोनों ग्राम पंचायत में स्वेच्छा से लॉकडाउन किया गया और बेरीकेड लगाकर पूरे क्षेत्र को सेनेटाइज कराया गया। ग्राम पंचायत द्वारा संक्रमित क्षेत्र में वन वे मार्ग बनाया गया, जिसे केवल आवश्यक सामग्री पहुंचाने के लिए उपयोग किया गया।

संक्रमित व्यक्तियों की 24 घंटे देखभाल और निगरानी के लिए शिक्षक, पुलिसबल, सरपंच, सचिव, कोटवार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की ड्यूटी लगाई गई। इसके अलावा संक्रमित के मकान में अनुविभागीय अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तहसीलदार, थाना प्रभारी, सरपंच, सचिव का मोबाइल नंबर चस्पा किया गया, जिससे किसी भी प्रकार की समस्या से तत्काल अवगत कराया जा सके। कंट्रोल रूम सरायपाली द्वारा संक्रमित व्यक्तियों के मोबाइल में संपर्क कर आवश्यक जानकारी भी ली जा रही है। इन सब प्रयासों से यहां संक्रमण रूका जिसकी केन्द्रीय टीम ने भी सराहना की।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।