मृत हाथी के दांत गायब करने वाले ग्रामीण आये गिरफ्त में, आकाशीय बिजली से हुई थी हाथी की मौत

सूरजपुर। हाथी के शव से दांत निकालकर गायब करने वाले तीन ग्रामीणों को वन विभाग ने गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी जांच टीम की सूझबूझ से पकड़ में आए हैं, जिनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

आकाशीय बिजली से हुई थी हाथी की मौत

जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के दरहोरा जंगल में बीते 11 जून को दंतैल हाथी का शव बरामद हुआ था। लेकिन शव से उसके दांत गायब थे। जबकि वन विभाग की जांच में गजराज की मौत आकाशीय बिजली से होना पाया गया था। लिहाजा टीम चोरी हुए दांत की खोजबीन में लगी थी। इसी बीच जाँच टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धुमाडाड़ निवासी उदित लाल के यहां हाथी दांत है।

वन मंडलाधिकारी डीपी साहू ने बताया कि सूचना के बाद उदित लाल से कड़ाई से पूछताछ की गई और उसकी निशानदेही पर हाथी दांत उसके घर में रखे धान के पैरे से बरामद किया गया। साथ ही इस घटना को अंजाम देने में सहयोग करने वाले घुमाडाड के ही अभय कुमार और दरहोरा के परदेशी को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि हाथी की मौत के इसी मामले में यहां के DFO को हटा दिया गया, वहीं SDO और अन्य कर्मियों को निलंबित भी किया गया है। दरअसल हाथी की मौत के 10-12 दिनों बाद उसका सड़ा गला शव वन विभाग को मिला था, जिसे लापरवाही मानते हुए यह कार्रवाई की गई।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटर, टेलीग्राम और वॉट्सएप पर…

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।