रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवा क्रिकेटर आयुष पांडे को उनके घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ होने वाली चार दिवसीय सीरीज के लिए इंडिया-A टीम में शामिल किया गया है। खास बात यह है कि यह लगातार दूसरी बार है, जब आयुष पांडे को इंडिया-A टीम में जगह मिली है।
इससे पहले जून 2026 में श्रीलंका-A के खिलाफ खेली गई चार दिवसीय सीरीज में भी आयुष भारतीय-A टीम का हिस्सा रहे थे। अब चयनकर्ताओं ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताते हुए ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ सीरीज के लिए टीम में शामिल किया है।
पुडुचेरी में होंगे इंडिया-A और ऑस्ट्रेलिया-A के दोनों मुकाबले
इंडिया-A और ऑस्ट्रेलिया-A के बीच चार दिवसीय सीरीज के दोनों मुकाबले पुडुचेरी में खेले जाएंगे। पहला मुकाबला 22 से 25 सितंबर को तथा दूसरा मुकाबला 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक खेला जाएगा। इस सीरीज में आयुष के पास ऑस्ट्रेलिया-A जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खुद को साबित करने का एक और बड़ा मौका होगा।
रणजी ट्रॉफी में बल्ले से मचाया था धमाल
आयुष पांडे ने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में छत्तीसगढ़ की ओर से खेलते हुए अपनी बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 7 मैचों की 13 पारियों में 573 रन बनाए थे। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 57.30 रहा। आयुष ने रणजी सीजन में दो शतक और दो अर्धशतक लगाए थे।
मुंबई के खिलाफ खेली गई उनकी 183 रन की शानदार पारी विशेष रूप से चर्चा में रही। रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बाद आयुष पांडे को*दिलीप ट्रॉफी के लिए भी चुना गया। उन्होंने वहां दो मैचों की तीन पारियों में 102 रन बनाए। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 53.92 रहा।
देवदत्त पडिक्कल होंगे कप्तान, साई सुदर्शन उपकप्तान
ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ चार दिवसीय सीरीज के लिए इंडिया-A टीम की कमान देवदत्त पडिक्कल को सौंपी गई है। वहीं साई सुदर्शन टीम के उपकप्तान होंगे। टीम में अमन मोखड़े, आयुष पांडे, यश राठौड़ और शेख राशीद समेत कुल 16 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।


