CG Top 5 News: छत्तीसगढ़ से जड़ी 5 बड़ी खबरें जिनमें महादेव सट्टा ऐप मामले में उसके दूसरे प्रमोटर रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार किए जाने की खबर है। हालांकि, UAE की ओर से भारत को इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। वहीं, सौरभ चंद्राकर को 8 दिन की CBI रिमांड पर भेजा गया है। महाराष्ट्र में सुकमा से जुड़े
ड्रग्स तस्करी नेटवर्क के 8 आरोपी पकड़े गए हैं। इसके अलावा माओवादी गतिविधियों के मामले में तीन आरोपियों को सजा सुनाई गई है और SAGES भर्ती परीक्षा की रिस्पॉन्स शीट 5 नवंबर को जारी होगी।
सौरभ चंद्राकर के सहयोगी रवि उप्पल दुबई से गिरफ्तार
महादेव सट्टा ऐप मामले में उसके दूसरे प्रमोटर और सौरभ चंद्राकर के सहयोगी रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार किए जाने की खबर है। भारतीय एजेंसियों को सूत्रों से इसकी जानकारी मिली है। हालांकि, UAE ने भारत सरकार को अब तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी है। बताया जा रहा है कि, रवि उप्पल की तलाश ED, CBI और दूसरी एजेंसियां कर रही थीं। गिरफ्तारी की खबर के बाद उसे भारत लाने की प्रक्रिया को लेकर एजेंसियां आगे की कार्रवाई की तैयारी में हैं।
महाराष्ट्र में सुकमा से जुड़े ड्रग्स तस्करी नेटवर्क के 8 आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के युवकों से जुड़े ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का महाराष्ट्र में पता चला है। गढ़चिरौली पुलिस ने 31 अक्टूबर को पोमके गट्टा क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 240 किलो 580 ग्राम नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। जिसकी कीमत 1 करोड़ 20 लाख 29 हजार रुपये बताई गई है। वाहनों और मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 46 लाख 10 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया है।
सौरभ चंद्राकर 8 दिन की CBI रिमांड पर, दिल्ली में होगी पूछताछ
महादेव सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर को 8 दिन की CBI रिमांड पर भेजा गया है। रायपुर की विशेष CBI अदालत ने जांच एजेंसी को उसे पूछताछ के लिए दिल्ली स्थित मुख्यालय ले जाने की अनुमति दी है। CBI उससे सट्टा नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ करेगी। अदालत ने निर्देश दिया है कि, पूछताछ की पूरी प्रक्रिया CCTV कैमरों की निगरानी में होगी। सौरभ को शाम के समय अपने वकील से मिलने की अनुमति भी दी गई है।
माओवादी गतिविधियों के मामले में तीन आरोपियों को 10-10 साल की सजा
भानुप्रतापपुर में NIA की विशेष अदालत ने माओवादी गतिविधियों से जुड़े मामले में तीन आरोपियों को दोषी ठहराया है। विशेष न्यायाधीश दीपक के. गुप्ता की अदालत ने तीनों को 10-10 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। प्रत्येक 3 हजार 500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। पुलिस के अनुसार, 18 मई 2023 को प्रतिबंधित माओवादी संगठन की गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने COB चिलपरस और ढूंट्टा से संयुक्त सर्च अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान सुरक्षा बल कागबरस, नयापारा और चिलपरस क्षेत्र से होते हुए केसोकोड़ी की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी जंगल के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति भागने लगे। सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया था।



