CG Weather Update
CG Weather Update

टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। आसमान में बादल छाने और हल्की बारिश होने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के सभी संभागों में तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात के साथ हल्की वर्षा की संभावना जताई है। इस बदलाव से लोगों को चिलचिलाती धूप से राहत मिलने के आसार हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई। शुक्रवार को दुर्ग में सबसे अधिक 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के सक्रिय होने के कारण उत्तर प्रदेश से ओडिशा तक एक द्रोणिका छत्तीसगढ़ होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से राज्य में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

See also  कोहरे की चपेट में कई जिले, मौसम विभाग का अलर्ट, दो दिन बाद न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना

राजधानी रायपुर में भी शनिवार को बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की उम्मीद है। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में अंधड़ और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं, इसलिए लोग खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें।