भिलाई। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के दुर्ग जिले में संचालित सेल (SAIL) की यूनिट भिलाई स्टील प्लांट (BSP) की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। नगर निगम भिलाई (Bhilai) ने बीएसपी को कुर्की वारंट जारी किया है। आपको बता दें कि बीएसपी पर तकरीबन 5 अरब 47 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है जिसके कारण नगर निगम ने कुर्की का वारंट जारी किया है।

इस बकाया राशि में टैक्‍स के साथ पेनाल्‍टी भी शामिल है। लगातार नोटिस जारी होने के बाद भी टैक्स जमा नहीं कराने पर निगम ने यह कार्रवाई की है। नगर निगम आयुक्त ऋतुराज रघुवंशी के निर्देश पर बीएसपी (BSP) को कुर्की वारंट जारी किया गया है। इस नोटिस के बाद से बीएसपी कर्मचारियों में हड़कंप मचा है।

नगर निगम ने कई बार जारी किया था नोटिस

नगर निगम द्वारा बीएसपी को जारी नोटिस में संपत्ति कर की सही जानकारी न देने और शिक्षा उपकार की राशि भी कम देने का हवाला दिया गया है। स्टील एथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमि​टेड (SAIL) की इस यूनिट पर पांच गुना ज्यादा पेनाल्टी के साथ वारंट भेजा गया है। बीएसपी (BSP) से 5 अरब 47 करोड़ 7 लाख 4 हजार 445 रुपये वसूल किया जाना है। इसे लेकर भिलाई नगर निगम ने कई बार नोटिस जारी किया था, लेकिन कोई जवाब न होने पर कुर्की वारंट जारी किया गया है।

See also  Lord Jagannath Rath Yatra: आज निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, राज्यपाल और मुख्यमंत्री पूरी करेंगे छेरापहरा की रस्म

बीएसपी ने चल-अचल संपत्ति की गलत जानकारी दी

नगर निगम से मिली जानकारी के मुताबिक, बीएसपी ने चल-अचल संपत्ति को लेकर गलत जानकारी दी है। टैक्स में आ रहे अंतर को लेकर उनसे जवाब मांगा गया था। वित्तिय वर्ष 2016-17, 17-18 और 18-19 में बीएसपी ने 92 करोड़ 68 लाख 1 हजार 725 रुपये टैक्स जमा किया था। निगम प्रबंधन का कहना है कि बीएसपी ने करीब 82 करोड़ रुपये कम टैक्स जमा किया था। इसे लेकर कई बार नोटिस जारी किया गया था, भिलाई स्टील प्लांट ने भी नोटिस मिलने की पुष्टि की है।

Chhattisgarh से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Twitter पर Follow करें और Youtube  पर हमें subscribe करें। एक ही क्लिक में पढ़ें  The Rural Press की सारी खबरें।