बिजनेस डेस्क। नए साल के पहले और कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। बाजार में लगातार 9वें हफ्ते बढ़त रही। यह पिछले 10 साल का रिकॉर्ड है। निफ्टी 36.75 अंक ऊपर 14,018.50 पर बंद हुआ। एक जनवरी को सेंसेक्स 117.65 ऊपर 47,868.98 पर बंद हुआ। इंडेक्स कारोबार के दौरान 47,980.36 तक पहुंचा। SBI, TCS, HDFC, HCL टेक और रिलायंस के शेयर में बढ़त रही।
रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा मार्केट कैप
BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप पहली बार 189.26 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंचा। चौतरफा तेजी के कारण बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर 3,170 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें 2,043 यानी 64% के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।
निफ्टी ने भी बनाया रिकॉर्ड
निफ्टी ने भी शुक्रवार को नया रिकॉर्ड बनाया। यह 36.75 अंक ऊपर चढ़कर पहली बार 14,018.50 पर बंद हुआ। इंट्राडे में इंडेक्स 14,049.85 तक पहुंचा। अदाणी पोर्ट का शेयर 4.39% ऊपर 505 रुपए पर बंद हुआ। इसी तरह ITC और TCS के शेयरों में 2% तक की बढ़त रही। SBI और M&M के शेयर 1% से ज्यादा चढ़े। ICICI बैंक का शेयर 1.36% नीचे 527.80 पर बंद हुआ।
एंटनी वेस्ट की लिस्टिंग
एंटनी वेस्ट हैंडलिंग सेल का शेयर BSE पर 36.5% प्रीमियम पर लिस्ट हुआ है। IPO में इश्यू प्राइस 315 रुपए था। BSE पर शेयर की लिस्टिंग 430 रुपए पर हुई । लिस्टिंग के बाद शेयर 492.75 रुपए तक मजबूत हुआ। यानी इश्यू प्राइस से 56% तक तेजी शेयर में देखने को मिली है।
इससे पहले कंपनी का IPO अपने इश्यू साइज से करीब 15 गुना ज्यादा सब्सक्राइब हुआ था। शेयर लिस्टिंग प्राइस से 5.29% नीचे 407.25 रुपए के भाव पर बंद हुआ है। हालांकि निवेशकों को इस भाव पर भी प्रति शेयर 29.29% का फायदा है।
FY 2021-22 में इकोनॉमी ग्रोथ
रेटिंग एजेंसी इक्रा के मुताबिक, भारतीय अर्थव्यवस्था में FY 2021-22 में लगभग 10% की पॉजिटिव ग्रोथ की उम्मीद है। एजेंसी ने पहले 2020-21 के लिए इकोनॉमी में 7-7.9% गिरावट का अनुमान जारी किया था। यह साल की शुरुआत में 4.2% पॉजिटिव था।

