गृह मंत्री के दौरे से पहले दिनदहाड़े हुआ मर्डर, PWD कर्मचारी की हत्या से इलाके में मचा हड़कंप
image source : google

टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में लगातार कानून-व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। दिन ब दिन अपराधियों में पुलिस का खौफ काम होता जा रहा है। यही वजह है कि आज बेमेतरा में प्रदेश के गृह मंत्री और PWD मंत्री के दौरे से पहले एक सरकारी कर्मचारी को अपराधियों ने मौत के घाट उतार दिया। यह हत्या तब हुई, जब गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू खुद भी बेमेतरा आने वाले थे।

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने युवक पर हुआ हमला

बता दें, कर्मचारी का नाम गणेश सिंह वर्मा बताया जा रहा है। गणेश PWD में टाइमकीपर था और ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकला था। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के ठीक सामने कुछ युवकों ने उसे रोका और फिर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में गणेश सिंह वर्मा की मौके पर ही मौत हो गयी। वारदात के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को जानकारी दी गयी।

See also  कर्मचारी की आत्महत्या मामले में अजित जोगी व अमित जोगी की अग्रिम ज़मानत पर हाईकोर्ट ने तलब की केस डायरी, सुनवाई 11 फरवरी को

फिलहाल घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। मंत्रियों के दौरे से पहले हत्या की वारदात से पुलिस के भी हाथ-पांव फूल गए हैं। बेमेतरा कोतवाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का मुआयना किया गया है। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर मृतक का मास्क और चश्मा बरामद हुआ। जिससे पुलिस अंदाजा लगा रही है कि हत्या से पहले आरोपियों के साथ मृतक की झड़प भी हुई।

बताया जा रहा है कि ड्यूटी पर जाने के लिए PWD कर्मचारी अपने पुत्र के साथ निकला था। उसे उसकी दुकान में छोड़ने के बाद वह अपने ऑफिस जा रहा था। उसी दौरान हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने अचानक अज्ञात हमलावरों ने उसका रास्ता रोक लिया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों से मिले फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। एडिशनल एसपी ने कहा कि बहुत जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।

See also  टाइम्‍स यूनिवर्सिटी रैंकिंग में दुनिया के 100 श्रेष्‍ठ विश्वविद्यालयों में 11 भारतीय संस्‍थान

दिनदहाड़े हुए हत्या से इलाके में मचा हड़कंप

इस तरह दिनदहाड़े हुए हत्या की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है। खासकर दो मंत्रियों के दौरे की खबरों के बीच रिहायशी इलाके में हुई वारदात को लेकर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

गौरतलब है कि प्रदेश के PWD मंत्री और गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू आज बेमेतरा आने वाले हैं। गृह मंत्री पुराना रेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। इसके अलावा वह सूर्य नमस्कार चौक का लोकार्पण भी करेंगे। मंत्री के आने से पहले हत्या की वारदात से खलबली मची हुई है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर…