पाकिस्तान की मैंगो डिप्लोमेसी अमेरिका और चीन को नहीं आई रास, लौटाए तोहफे में भेजे गए आम

टीआरपी डेस्क। इन दिनों कोरोना महामारी और आर्थिक तंगी से जूझ रहा पाकिस्तान नई कूटनीतिक रणनीति अपनाने पर उतर आया है। मगर पाक के खास दोस्तों ने ही उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। दरअसल अपनी नई कूटनीति के तहत पाकिस्तान ने दुनियाभर के देशों को आम की अलग-अलग किस्में तोहफे भेज रहा है। मगर चीन और अमेरिका ने पाकिस्तान की ओर से तोहफे में भेजे गए आम वापस लौटा दिए हैं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान विदेश मंत्रालय (एफओ) ने बुधवार को अमेरिका और चीन समेत 32 से अधिक देशों के प्रमुखों को तोहफे में आम भेजे थे, लेकिन अमेरिका और चीन जैसे देशों ने अपने कोरोना वायरस क्वारंटीन नियमों का हवाला देते हुए तोहफे को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।

32 देशों पर आजमाई ‘मैंगो डिप्लोमेसी’

बता दें कि पाकिस्तान के राष्ट्रपति डॉ. आरिफ अल्वी की ओर से 32 देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार के प्रमुखों को ‘चौंसा’ आम भेजे गए थे। आमों की पेटी को ईरान, खाड़ी देशों, तुर्की, अमेरिका, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और रूस भेजा गया था।

See also  India vs Pakistan: 31 सालों तक पाकिस्तान को मिली हार, क्या आज भी टीम इंडिया रखेगी अपनी जीत बरकरार

वहीं पाकिस्तान विदेश मंत्रालय की इस सूची में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का भी नाम था, लेकिन पेरिस से पाकिस्तान के इरादे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। चीन और अमेरिका के अलावा कनाडा, नेपाल, मिस्र और श्रीलंका ने भी पाकिस्तान की ओर से तोहफे में भेजे गए आमों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।

दरअसल कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लागू क्वारंटाइन नियम का हवाला देते हुए इन देशों ने आम लेने से इंकार कर दिया।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर