सावधान : डोर-टू-डोर वैक्सीनेशन के नाम पर घूम रहे हैं बंटी और बबली, पॉश कॉलोनी में दिन दहाड़े की लूटपाट
सावधान : डोर-टू-डोर वैक्सीनेशन के नाम पर घूम रहे हैं बंटी और बबली, पॉश कॉलोनी में दिन दहाड़े की लूटपाट

रायपुर। राजधानी में डोर-टू-डोर वैक्सीनेशन के नाम एक युवक और युवती ने डीडी नगर में एक फ़्लैट में प्रवेश किया और मां-बेटे को बंधक बनाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। सालासार अपार्टमेंट के छठवें माले के फ्लैट में युवक-युवती ने फाइनेंस कंपनी के एक कर्मचारी के फ्लैट में यह वारदात शाम के वक्त की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज निकाले हैं, जिसमें युवक-युवती का भागते हुए फुटेज मिला है, मगर दोनों ने हेलमेट पहन रखा है।

खुद को बताया वैक्सीनेशन टीम का सदस्य

पुलिस के मुताबिक डीडी नगर में सालासार अपार्टमेंट के छठवें माले में संजीव कुमार का फ्लैट है, जहां वे अपनी पत्नी और 15 साल के बेटे के साथ रहते हैं। घटना शाम 5.30 बजे की है तब वे ड्यूटी से लौटे नहीं थे। इसी बीच उनके फ्लैट में युवक-युवती पहुंचे और बेल बजाकर दरवाजा खुलवाया। दोनों ने संजीव की पत्नी से कहा कि वे डोर टू डोर वैक्सीनेशन करनेवाली टीम में है। महिला ने उनसे आई कार्ड मांगा तो दोनों गोलमोल जवाब देने लगे। इस बीच, युवती ने बहाने से पानी मांग लिया। महिला जैसे ही पानी लेकर वापस आई, युवक ने चाकू गले में अड़ा दिया और शोर मचाने पर मारने की धमकी दी, साथ ही उसके चेहरे पर स्प्रे मार दिया। इसके बाद दोनों ने महिला और उसके बेटे का हाथपैर बांधकर उन्हें कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद दूसरे कमरे से जेवर तथा अन्य सामान निकालकर भाग गए।

See also  नारायणपुर में नक्सलियों का हथियार डिपो तबाह: भारी मात्रा में रॉकेट लॉन्चर और बीजीएल बरामद, सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी

CCTV फुटेज के आधार हो रही तलाश

इस वारदात के बाद जब काफी देर तक आवाज नहीं आई, तब महिला ने चीख-पुकार मचाई। अपार्टमेंट के लोगों ने महिला को बाहर निकालने के बाद संजीव को सूचना दी। इसके बाद डीडीनगर थाने में रिपोर्ट लिखवाई गई। घर में घुसकर इस तरह की लूटपाट पहली बार हुई, इसलिए कई आला पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंचे और फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने किया अलर्ट

लूट की इस वारदात के बाद रायपुर एसएसपी अजय यादव ही नहीं बल्कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. मीरा बघेल ने एलर्ट जारी किया है कि राजधानी में घर-घर जाकर वैक्सीन लगाने की कोई योजना नहीं चल रही है। एसएसपी ने कहा कि वैक्सीनेशन या अन्य किसी बहाने से कोई अनजान व्यक्ति घर आता है, तो उसे प्रवेश बिलकुल नहीं दें और आईडी भी चेक करें। लूटपाट करने वाले गिरोह अलग-अलग तरीके से घरों में दाखिल होने की कोशिश करते हैं। वैक्सीनेशन वाला मामला बिलकुल नया है और चूंकि टीकाकरण चल रहा है, इसलिए लुटेरे इसका फायदा उठा सकते हैं। इसलिए सावधानी बरतनी जरूरी है। सीएमओ डा. बघेल ने कहा कि अभी वैक्सीनेशन केवल केंद्रों में चल रहा है। वहां काफी भीड़ आ रही है, इसलिए घरों तक जाकर टीकाकरण की न तो जरूरत है और न ही सरकार ने ऐसी कोई योजना तैयार है। अगर कोई वैक्सीन लगाने के लिए घर तक आ रहा है तो ऐसे लोगों से सावधान रहें।

See also  Coronavirus In Chhattisgarh : अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में होगी कोरोना जांच, रोजाना 22 हजार सैंपल लेने का टारगेट

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर