कैश से भरी 4 कारों और हेलीकॉप्टर लेकर काबुल से भागे थे राष्ट्रपति अशरफ गनी, रूसी न्यूज एजेंसी RIA की रिपोर्ट में दावा

काबुल। तालिबान के डर से अफगानिस्तान छोड़कर भागे राष्ट्रपति अशरफ गनी कैश से भरी चार कारों और एक हेलीकॉप्टर के साथ काबुल से बाहर निकले थे। रूसी न्यूज एजेंसी RIA और कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से एजेंसी ने कहा कि अशरफ गनी को कुछ पैसा छोड़कर ही जाना पड़ा क्योंकि वह उसे रख नहीं पा रहे थे।

काबुल में रूसी दूतावास के प्रवक्ता निकिता इंशचेन्को ने कहा, ‘चार कारें कैश से भरी हुई थीं। उसके बाद उन्होंने कुछ रकम हेलिकॉप्टर में रखी। इसके बाद भी वह पूरा पैसा नहीं रख पाए और कुछ पैसे यूं ही छोड़कर निकल गए।’ रूसी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि एक प्रत्यक्षदर्शी से मिली जानकारी के अनुसार वह यह बात कह रहे हैं।

ओमान होते हुए अमेरिका निकलने की तैयारी

फिलहाल अशऱफ गनी कहां हैं, यह किसी को भी मालूम नहीं है। हालांकि रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि वह ओमान पहुंच गए हैं और उन्हें ताजिकिस्तान और कजाकिस्तान ने अपने देश में आने की अनुमति नहीं दी। कहा जा रहा है कि वह ओमान होते हुए अमेरिका निकलने की तैयारी में हैं।

See also  मौत के सफर के बाद भी जिंदा बच गया यह भारतीय, विमान के पहियों में छिपकर सही सलामत पहुंचा ब्रिटेन

अफगानिस्तान से निकलने से ठीक पहले फेसबुक पर लिखी एक लंबी पोस्ट में अशरफ गनी ने कहा था कि वह देश में खूनखराबे को रोकने के लिए ऐसा कर रहे हैं। गनी ने कहा था कि यदि वह यहां बने रहेंगे तो उनके समर्थक भी सड़कों पर आएंगे और तालिबान के हिंसक रवैये के चलते खूनखराबा होगा।

बता दें कि तालिबान ने रविवार को काबुल में एंट्री की थी। इसके साथ ही तालिबान ने अफगानिस्तान के लगभग समूचे क्षेत्र पर कब्जा जमा लिया है। अमेरिका और नाटो सेनाओं की वापसी के बाद तालिबान ने अफगानिस्तान में आतंक मचाया है।

कंधार, गजनी समेत तमाम बड़े शहरों पर कब्जा जमाते हुए तालिबान काबुल आ धमका है। महज 22 दिनों में ही तालिबान ने काबुल पर कब्जा जमा लिया है। इससे अमेरिका के संरक्षण में तैयार 3 लाख सैनिकों की अफगान सेना को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, जिसने एक के बाद एक तालिबान के सामने हथियार डाल दिए।

See also  ब्रेकिंग: अबू धाबी में हैं देश छोड़कर भागे अफगानी राष्ट्रपति अशरफ गनी, यूएई ने मानवीय आधार पर दी शरण

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू और वॉट्सएपपर.